चंदाना के विनोद जायसवाल सहित अवैध शराब कारोबार से जुड़े 10 आरोपी गिरफ्तार
54 लीटर देशी शराब, वरना कार, 10 मोबाइल और 10 हजार रुपए नकद सहित 7.25 लाख का मश्रुका जब्त
देवास। ग्राम चंदाना में दो लोगों की मौत के मामले की मर्ग जांच के दौरान सामने आए अवैध शराब विक्रय के प्रकरण में देवास पुलिस ने चंदाना निवासी विनोद जायसवाल सहित 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 54 लीटर देशी शराब, एक वरना कार, 10 मोबाइल फोन और 10 हजार रुपए नकद सहित करीब 7 लाख 25 हजार रुपए का मश्रुका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, 15 और 18 अक्टूबर 2026 को ग्राम चंदाना में दो व्यक्तियों की मृत्यु की सूचना जिला चिकित्सालय देवास से मिली थी। इस पर थाना सिविल लाइन में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतकों के परिजनों और अन्य लोगों के बयान में चंदाना निवासी विनोद जायसवाल द्वारा गांव में अवैध शराब बेचने की बात सामने आई। घटना के बाद से विनोद फरार था।
नाकाबंदी कर कार सवारों को पकड़ा
26 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की। प्रताप नगर-अंबेडकर नगर क्षेत्र में सफेद रंग की वरना कार क्रमांक एमपी 09 सीएफ 3645 को रोकने पर कार सवारों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान विनोद जायसवाल, अजय राठौर और रामेश्वर सोनगरा के रूप में हुई। कार की डिक्की से छह पेटी देशी शराब मिली। इसे जब्त कर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 768/2026 के तहत आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (2) में प्रकरण दर्ज किया गया।
अलग-अलग टीमें बनाकर 10 आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने सत्येन्द्र ओझा, नितिन सोलंकी, चन्द्रशेखर बैरागी, राज, जुगल, राजेन्द्र निनामा और विशाल चौहान के साथ मिलकर अवैध शराब बेचने की जानकारी दी। इसके आधार पर अलग-अलग टीमें गठित कर कार्रवाई की गई और कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में विनोद जायसवाल पिता प्रयाग नारायण जायसवाल निवासी चंदाना, अजय उर्फ अज्जु राठौर पिता विष्णु राठौर उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम पुवार्डादाई जिला इंदौर, नितिन सोलंकी पिता मदन सिंह सोलंकी निवासी न्यू गौरी नगर जिला इंदौर (वाइन शॉप मैनेजर, भाड़ा पिपल्या), चन्द्रशेखर बैरागी पिता ओमप्रकाश (मैनेजर, वाइन शॉप क्षिप्रा), सत्येन्द्र ओझा पिता भगवानदास उम्र 38 वर्ष निवासी वैभव लक्ष्मीनगर जिला इंदौर (सेल्समैन, वाइन शॉप अरबिंदो), राजदेव पटेल पिता रामचन्द्र पटेल उम्र 43 वर्ष निवासी जौनपुर, उत्तर प्रदेश (सेल्समैन, वाइन शॉप क्षिप्रा), जुगल सिंह पिता लालसिंह उम्र 44 वर्ष, राजेन्द्र निनामा पिता धन्नालाल उम्र 48 वर्ष, विशाल चौहान पिता बद्रीलाल निवासी इल्यासखेड़ी थाना पीपलरावां और रामेश्वर सोनगरा पिता अमर सिंह निवासी गदईशा पिपल्या शामिल हैं।


