सेन्ट्रल इण्डिया एकेडमी में अरुणोदय भारत मंथन की दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित
देवास। सेन्ट्रल इण्डिया एकेडमी, देवास में शैक्षणिक गतिविधियों के अंतर्गत अरुणोदय भारत मंथन 2026 (एमयूएन) की दो दिवसीय कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में श्रीमती इंदिरा शर्मा (पूर्व प्राचार्या, सरस्वती विद्या मंदिर, देवास), श्रीमती गौरी शेकड़कर (योग शिक्षिका एवं योग के सिद्धांतों तथा अभ्यासों में 30 वर्षों का अनुभव रखने वाली विशेषज्ञ) तथा श्रीमती राजश्री सोनी (समाजसेवी एवं भारत विकास परिषद की सेवा प्रमुख) उपस्थित रहीं।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती रीता सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दो दिवसीय कार्यशाला में देवास जिले के 10 सीबीएसई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहभागिता की। इनमें सेन्ट्रल इण्डिया एकेडमी, हिमालय एकेडमी, विंध्याचल एकेडमी, सतपुड़ा एकेडमी, किंडर हायर सेकेंडरी स्कूल, फेथ फाउंडेशन ग्लोबल स्कूल, पायोनियर पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, द डेल्टा स्कूल एवं एबनेजर हायर सेकेंडरी स्कूल शामिल रहे।
कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास, वीर योद्धाओं, महान गुरुओं, समृद्ध संस्कृति एवं सभ्यता से परिचित कराना तथा उनमें नेतृत्व क्षमता, बौद्धिक विकास, जीवन कौशल, संवाद कला एवं सार्वजनिक मंच पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की क्षमता विकसित करना था। साथ ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सक्रिय एवं रचनात्मक भूमिका सुनिश्चित करने के लिए उन्हें प्रेरित करना भी कार्यशाला का महत्वपूर्ण उद्देश्य रहा।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। सभी प्रतिभागियों ने अपने तार्किक दृष्टिकोण, वैचारिक क्षमता एवं प्रभावशाली संवाद शैली का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्या श्रीमती रीता सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनके बहुमूल्य मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यशाला के सफल आयोजन पर संस्था निदेशक चरनजीत सिंह अरोरा एवं प्राचार्या श्रीमती रीता सिंह ने आयोजन समिति के सदस्यों श्रीमती भावना मालवीय, श्रीमती शीतल सिंह, पीयूष कनेरिया एवं रवि गंभीर के विशेष योगदान की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।


