सीएम हेल्पलाइन में लंबित मामलों के निराकरण के लिए कन्नौद तथा खातेगांव क्षेत्र का संयुक्त शिविर संपन्न

कलेक्टर डॉ. श्रीकान्त पांडेय ने संतुष्टि पूर्वक मामले बंद होने की समीक्षा की, 196 मामले संतुष्टि पूर्वक बंद
देवास 15 फरवरी 2020/ कलेक्टर डॉ. श्रीकान्त पांडेय की अध्यक्षता में शनिवार को सीएम हेल्पलाइन से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित व संतुष्टि पूर्वक निराकरण के लिए विकासखण्ड कन्नौद तथा विकासखण्ड खातेगांव के लिए विशेष संयुक्त शिविर का आयोजन उत्कृष्ट विद्यालय कन्नौद में किया गया। शिविर में विभागीय अधिकारियों ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित मामलों में संबंधित आवेदकों/ शिकायतकर्ताओं से चर्चा कर अपने-अपने विभाग के लंबित सभी मामलों में जवाब दर्ज किए। शिविर में विभिन्न विभागों में लंबित 196 मामले संतुष्टि पूर्वक बंद किए गए। इन मामलों में कन्नौद विकासखंड क्षेत्र की 107 तथा खातेगांव विकासखंड क्षेत्र की 89 शिकायतें शामिल हैं। विभिन्न मामलों में शिकायतकर्ताओं ने सीएम हेल्पलाइन में फोन कर अपना संतोष प्रकट किया।
विशेष शिविर में एडीएम नरेंद्र सूर्यवंशी, कन्नौद एसडीएम के.सी. परते, खातेगांव एसडीएम संतोष तिवारी तथा डिप्टी 6 कलेक्टेर सुश्री शिवानी तरेटिया के अलावा संबंधित विभागों के जिला अधिकारीगण व विकासखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए काउंटर पर जाकर कलेक्टर डॉ. श्रीकान्त पांडेय ने लंबित मामलों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों के आधार पर प्रदेश स्तर पर जिलों की ग्रेडिंग की जाती है। आप स्वयं शिकायतों को देखें, शिकायतकर्ता से सीधे बात करें और शिकायत का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य लंबित शिकायतों का अधिक से अधिक निराकरण करना है। अधिकारी हर सम्भव प्रयास करे कि सभी शिकायतें संतुष्टि पूर्वक बंद हो। एक भी शिकायत ऐसी नहीं होनी चाहिए कि लंबे समय से लंबित रही हो। उन्होंने कहा कि यह शिविर सिर्फ लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए है, नवीन शिकायतों के लिए नही। कलेक्टर डॉ पांडेय ने सभी अधिकारियों को शाम तक शिविर में उपस्थित रहकर अधिकाधिक लंबित मामलों के निराकरण करने हेतु निर्देशित किया।

Post Author: Vijendra Upadhyay

Leave a Reply