भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव का जन्मदिवस सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया जाएगा

भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव का जन्मदिवस सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया जाएगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर बड़े आयोजनों से दूरी, प्रत्येक कार्यकर्ता लगाए एक पौधा – डॉ. रायसिंह सेंधव

देवास। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव का जन्मदिवस 1 जुलाई को जिलेभर में सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विविध कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे, गौशालाओं में गायों को रोटी एवं हरा चारा खिलाकर गौसेवा करेंगे तथा वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गजनों का सम्मान करते हुए उन्हें फल एवं आवश्यक सामग्री भेंट करेंगे।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने बताया कि इस वर्ष जन्मदिवस का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना है। पार्टी संगठन ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे जन्मदिवस को उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के संकल्प दिवस के रूप में मनाएं।

उन्होंने बताया कि भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सादगी, सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश से प्रेरित होकर इस बार किसी भी प्रकार के बड़े जन्मदिवस आयोजन से दूर रहेंगे। प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप अनावश्यक आयोजनों से बचते हुए उन्होंने अपना जन्मदिवस भगवान जगन्नाथ पुरी धाम में देवदर्शन एवं आध्यात्मिक प्रवास के दौरान मनाने का निर्णय लिया है। इस कारण वे इस बार भाजपा जिला कार्यालय में उपस्थित नहीं रहेंगे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात संभव नहीं होगी।

डॉ. रायसिंह सेंधव ने सभी कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों से आग्रह किया है कि वे जिला कार्यालय आने के बजाय अपने-अपने गांव, वार्ड और बूथ क्षेत्रों में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं, उसकी नियमित देखभाल का संकल्प लें तथा पौधारोपण करते हुए अपनी एक सेल्फी उनके मोबाइल पर भेजें। उन्होंने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण भी किया जाए। पर्यावरण बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने बताया कि सेवा, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा एवं वृद्धजनों के सम्मान जैसे कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी की सेवा ही संगठन की भावना को सशक्त करते हैं। उन्होंने जिले के सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में इन कार्यक्रमों में सहभागी बनने तथा जन्मदिवस को जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के संकल्प दिवस के रूप में मनाने की अपील की।

उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी कमल अहिरवार ने दी।

Post Author: Vijendra Upadhyay