लॉक डाऊन के चलते मात्र 5 लोगों ने संपन्न किया विवाह समारोह
देवास। नगर के प्रतिष्ठित जैन परिवार दीपाली संजय नेमीचंद जैन ने समाज सुधार की दिशा में एक अनुकरणीय एवं प्रेरणास्पद मिसाल कायम की है । अपने सुपुत्र सिद्धार्थ जैन का रिद्धि के साथ हुआ विवाह मात्र 5 लोगों ने रतलाम जाकर संपन्न किया। लॉक डाऊन का पूर्णत: पालन करते हुए संपन्न हुए इस विवाह समारोह की हर क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है। एक दूसरे से प्रतिस्पर्धा करते हुए अपनी शानों शौकत बताने के लिए बड़े-बड़े विवाह समारोह आयोजित करने वाले इस दौर में इस प्रकार का विवाह एक प्रेरक एवं अनुकरणीय पहल है।
इस प्रकार के विवाह से सभी प्रकार की फिजूलखर्ची से भी निजात मिलेगी, साथ ही अनावश्यक रूप से कोई परेशान भी नहीं होगा। इस प्रकार से बचे हुए धन एवं समय का सदुपयोग हम किसी भी अन्य क्षेत्र में कर सकते हैं। समाज सुधार की दिशा में हुई इस अनूठी अनुकरणीय पहल को जैन समाज के लोगों ने हाथों हाथ लिया। समाज जनों ने इससे प्रेरणा लेकर भविष्य में फिजूलखर्ची से बचते हुए अनावश्यक धन एवं समय दोनों बर्बाद होने से बचाने के प्रयास करने पर जोर दिया है।

