- अभाविप के प्रांत अधिवेशन में पारित किए प्रस्तावों से मीडिया को कराया अवगत
देवास। पिछले दिनों अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का 53 वां प्रांत अधिवेशन इंदौर में संपन्न हुआ, जिसमें पारित प्रस्तावों व युवाओं के संदर्भ में लिए गए निर्णयों की जानकारी के लिए देवास में अभाविप द्वारा प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें मालवा प्रांत अध्यक्ष श्री योगेश रघुवंशी, प्रांत सह मंत्री सुश्री मोनिका पाटीदार, प्रांत एसएफएस संयोजक मयंक पाठक, जिला संयोजक विधान अग्रवाल , नगर मंत्री राजवर्धन यादव उपस्थित थे।
पत्रकार वार्ता में प्रांत अध्यक्ष योगेश रघुवंशी ने बताया कि प्रांत अधिवेशन में विद्यार्थियों के हित में अभाविप द्वारा तीन प्रस्ताव पारित किए गए जिनमें प्रदेश का वर्तमान शैक्षणिक परिदृश्य, प्रदेश का वर्तमान परिदृश्य, आत्म निर्भर भारत और विश्वविद्यालय। उन्होंने बताया कि अभाविप गुणवत्तायुक्त शिक्षा दिलाने के लिए संकल्पित है। वहीं युवाओं में बढ़ते नशे की लत को दूर करने के लिए हम भी संघर्ष करेंगे। परिषद के अधिवेशन में प्रदेश सरकार से मांग की है कि वे अवैध नशे के कारोबार पर रोक लगाते हुए कानून बनाए। साथ ही हुक्का बार व पब पूर्ण रूप से बंद किये जाए।
श्री रघुवंशी ने बताया कि अधिवेशन में मप्र सरकार द्वारा लव जिहाद पर बनाए गए कानून का स्वागत किया गया। वहीं निजी विद्यालयों में अच्छी, सस्ती व गुणवत्तायुक्त शिक्षा विद्यार्थियों को मिले इस हेतु आयोग का गठन करने की भी मांग शासन से की गई। प्रांत अध्यक्ष ने बताया कि आत्म निर्भर भारत निर्माण में विश्वविद्यालयों की भूमिका अहम है। जिसके अंतर्गत शासन से मांग की जा रही है कि महाविद्यालय को डिग्री तक ही सीमित न रहकर सामाजिक अनुभूति, शैक्षणिक और औद्योगिक इंटर्नशिप प्रोग्राम के माध्यम से छात्र कैसे स्वयं का विकास कर सके, इसके लिए उसको सीखने के साथ-साथ व्यवसायिक शिक्षा देना चाहिए। महाविद्यालय को लोकल फॉर वोकल संकल्पना के माध्यम से स्टार्टअप को बढ़ावा देना चाहिए, जिससे युवा नौकरी लेने वाला नहीं, बल्कि देने वाला बने और उसमें उद्यमिता का विकास हो। प्रेस वार्ता में अभाविप पदाधिकारियों ने पत्रकारों के कई सवालों के जवाब भी दिये व महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा भी हुई। कार्यक्रम का संचालन राजवर्धन यादव ने किया।

