- जिले के 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी व्यक्ति वैक्सीन लगवाये – कलेक्टर शुक्ला
- देवास अर्बन में शतप्रतिशत व्यक्तियों को लगा वैक्सीन का प्रथम डोज
- जिले में सोमवार को 08 हजार 181 व्यक्तियों को वैक्सीन लगाई
देवास 10 अगस्त 2021/ जिले में कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला के मार्गदर्शन में वैक्सीनेशन का कार्य किया जा रहा है। जिले में कोरोना वैक्सीनेशन प्रति लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही वैक्सीनेशन केन्द्रों पर लम्बी लाईन देखने को मिल रही है। देवास अर्बन में वैक्सनेशन कार्य में शतप्रतिशत व्यक्तियों को वैक्सीन का प्रथम डोज लगाया गया है। देवास अर्बन में 2 लाख 21 हजार 328 व्यक्तियों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया था जिसमें सोमवार तक 2 लाख 21 हजार 280 व्यक्तियों को वैक्सीन का पहला डोज लगाया गया। जिले मे अब तक वैक्सीन के 07 लाख 44 हजार 096 डोज लगाये गए है। जिले में सोमवार को 08 हजार 181 व्यक्तियों को वैक्सीन लगाई गयी।
कलेक्टर शुक्ला ने कहा की सभी जिलेवासियों के सहयोग से ही देवास जिले में वैक्सीनेशन कार्य किया जा रहा है। वैक्सीनेशन के अंतर्गत 18+ आयु के सभी व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन नि:शुल्क लगाई जा रही है। वैक्सीन के प्रति आमजन में दिखे रूझान से यह कहा जा सकता है कि अब जिले का प्रत्येक नागरिक अफवाहों से परे हट कर वैक्सीन को अपनी निजी जिम्मेदारी मान रहा है। उन्होंने ने जिले के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी निर्देश दिये है कि सभी वैक्सीन का दूसरा डोज शीघ्र लगवाये।
कलेक्टर शुक्ला ने 18 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों से वैक्सीन लगवाने का आग्रह करते हुए कहा है कि कोविड-19 के संक्रमण के प्रकोप को ध्यान में रखते हुए सभी व्यक्ति वैक्सीन लगवाए तथा अपने पास पड़ोस, मोहल्ले के लोगों एवं अन्य चिर-परिचित लोगों को भी वैक्सीन लगवाने हेतु प्रेरित करें। आप वैक्सीन लगवाकर स्वयं को कोरोना से सुरक्षित करें और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर चन्द्रमौली शुक्ला ने जिलेवासियों से अपील की है कि जिला कोरोना एक्टीव मरीजों से मुक्त हो गया है, परन्तु कोरोना अभी गया नही है। कोरोना की तीसरी लहर की सम्भावनाओं को देखते हुए जिले के सभी नागरिक कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के संबंध में दिये गये दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

