
देवास। 10 सितम्बर 2023 रविवार को ललित कलाओं को समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती देवास इकाई द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित रंग भरो चित्रकला प्रतियोगिता का गरिमामय पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अध्यक्ष विश्व संवाद केंद्र मालवा प्रांत अध्यक्ष व स्वदेश के पूर्व प्रधान संपादक दिनेश गुप्ता, मुख्य अतिथि विधायक गायत्री राजे पवार, विशेष अतिथि श्रीपाद अवधूत स्वामी पीठाधीश्वर दत्त पादुका मंदिर बांगर, राजेश यादव अध्यक्ष विकास प्राधिकरण देवास, जिला प्रचारक राहुल भौमिक, महापौर प्रतिनिधि वरिष्ठ भाजपा नेता दुर्गेश अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि भरत चौधरी थे। कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य अतिथियों व संस्कार भारती मालवा प्रांत उपाध्यक्ष प्रकाश पवार, देवास इकाई अध्यक्ष मनोरमा सोलंकी, संस्था वरिष्ठ चन्द्रकला रघुवंशी, डॉ रमेश सोनी, विनोद सिंह ने दीप प्रज्वलित कर देव पूजन से की। संस्कार भारती गीत गान राजकुमार वर्मा ने लिया, अतिथि परिचय प्रकाश पवार ने दिया। संस्था परिचय महामंत्री प्रफुल्ल काशिव ने दिया, संस्था गतिविधि वाचन माधवानंद दुबे, डॉ रंगभरी काशिव, जितेन्द्र त्रिवेदी ने किया। कार्यक्रम की रंगारंग भव्यता को घुंघरू नृत्य एकेडमी की बालिकाओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुति तथा राज कुमारी व मुस्कान सोलंकी ने लोक भजन प्रस्तुत किए। अपने आशीर्वचन में श्रीपाद अवधूत स्वामीजी ने कहा कि रंग संयोजन मन की सुप्त अवस्था का कलात्मक प्रकटीकरण होता है, विचारों में श्रीकृष्ण के चरित्र को आत्मसात कर रंग उकेरने से चरित्र निर्माण होता है, एक नए कलाकार का निर्माण ऐसे ही प्रयासों से संभव है। विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि संस्कार भारती रंगभरो चित्रकला प्रतियोगिता के बिना देवास में जन्माष्टमी पर्व अधूरा है, इस आदर्श आयोजन की चर्चा पूरे प्रदेश में होती हैं, समाज के सभी वर्ग के बच्चो की सहभागिता से समरसता का कलात्मक वातावरण निर्माण होता है। दिनेश गुप्ता ने अपने प्रेरक व्यक्तित्व के अनुभव साझा करते हुए चित्रकला प्रतियोगिता से चरित्र निर्माण का महत्व बताया, आपने कहा कि कलाकार समाज का दर्पण भी होता है, चित्रकार वर्तमान काल का जीवंत परिचयदाता होता है। प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश से इस सबसे बड़े आयोजन ने समाज के सभी वर्गाे को जोड़ने का आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया है, बाल प्रतिभाओं को समरसता और सहभागिता का पूरा अवसर संस्कार भारती में मिलता है। कक्षा 1 से 4 के वर्ग अ में प्रथम अनुष्का देवड़ा, द्वितीय गरिमा चौहान, तृतीय आरोही राठौर तथा कक्षा 5 से 8 के वर्ग ब में प्रथम साक्षी नागर, द्वितीय विवान चौरे, तृतीय नैतिक देवड़ा को अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र, मंजूषा व नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया तथा प्रत्येक वर्ग में दस-दस प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। आय टी प्रमुख राजेन्द्र गांधी ने आयोजन के विशेष सहयोगी डॉ सुनील लाड़, अशोक खंडेलिया, अशोक शर्मा, सुषमा अरोरा, मनोहर पमनानी, अविनाश तिवारी, उदय टॉकलकर के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में धनंजय गायकवाड़, कल्पना नाग, आशा सोनी, रोहित गुर्जर, राजेश जोशी, सुमित जोशी, मुस्कान गोस्वामी, दूरदर्शन- आकाशवाणी लोकगायक दयाराम सारोलिया, नारायण सोलंकी, रोहित सोनी, उमेश जोशी उपस्थित रहे। ग्राम भारती की प्रांत पदाधिकारी अमृता जितेन्द्र भावसार ने कार्यक्रम संचालन व अशोक शर्मा ने आभार व्यक्त किया।

