फरार ईनामी वारंटी आरोपी हनीफ चाचा गिरफ्तार
औद्योगिक क्षेत्र पुलिस की विशेष टीम ने चोरी का सामान खरीदने के मामले फरार चल रहे आरोपी को पकड़ा
देवास। थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस द्वारा चोरी का सामान खरीदने संबंधी प्रकरण में नौ माह से फरार ईनामी वारंटी आरोपी हनीफ उर्फ हनीफ चाचा पिता अल्लाह बंदा चौधरी उम्र 65 साल निवासी म.नं. 108 पटेलनगर थाना खजराना इंदौर को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद द्वारा 1 नवम्बर 2024 से पूरे जिले में ऑपरेशन हवालात की शुरुआत की गई है, जिसके अंतर्गत लंबे समय से फरार इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जा रही है।
इसी क्रम में थाना औद्योगिक क्षेत्र के संबंधी प्रकरण में अपराध क्रमांक 300/2025 धारा 303(2) BNS का फरार ईनामी वारंटी आरोपी हनीफ उर्फ हनीफ चाचा निवासी म.नं. 108 पटेलनगर थाना खजराना इंदौर लगभग नौ माह से पुलिस गिरफ्त से दूर चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक देवास श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र श्री शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में ऑपरेशन हवालात के तहत विशेष टीम गठित की गई थी। यह टीम मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार प्रयासरत थी।
दिनांक 17.11.2025 को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि फरार ईनामी वारंटी आरोपी जिला देवास में देखा गया है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की धरपकड़ हेतु टीम को रवाना किया। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
उल्लेखनीय है कि देवास पुलिस द्वारा ऑपरेशन हवालात के तहत 1 नवम्बर 2024 से आज दिनांक तक 756 फरार, स्थाई और गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन पर कुल 1,41,500 रुपये का इनाम उद्घोषित था।


