विंध्याचल एकेडमी में श्रीकृष्ण लीलाओं पर आधारित भव्य वार्षिक उत्सव का सफल आयोजन

विंध्याचल एकेडमी में श्रीकृष्ण लीलाओं पर आधारित भव्य वार्षिक उत्सव का सफल आयोजन

देवास। विंध्याचल एकेडमी देवास में श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित वार्षिक उत्सव का वृहद एवं सफल मंचन हुआ। कार्यक्रम में शहरभर से आए हजारों अभिभावकों ने विद्यार्थियों की अद्भुत प्रस्तुतियों का आनंद लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मालवा प्रांत के संघ चालक डॉ. प्रकाश जी शास्त्री थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विद्यालय के अध्यक्ष श्री दिनेश गुप्ता, श्रीमती बीना गुप्ता, तथा प्राचार्य श्रीमती मानसी दिघे द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
अतिथि परिचय उप प्राचार्य श्रीमती रंजना चव्हाण ने प्रस्तुत किया। अपने उद्बोधन में डॉ प्रकाश शास्त्री ने कहा कि विंध्याचल स्कूल द्वारा पढ़ाई के साथ साथ नैतिक, सांस्कृतिक, नेतृत्व क्षमता आदि को वार्षिक उत्सव मंचन के माध्यम से प्रदान किया जा रहा जिससे विद्यार्थी का संपूर्ण विकास होता हैं। अतिथियों का स्वागत विद्यालय अध्यक्ष, प्राचार्य एवं युवा निदेशक सार्थक गुप्ता द्वारा पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों को भी सम्मानित किया गया। गत वर्ष कक्षा 12वीं में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र राजवर्धन सिंह राजपूत को सम्मान राशि भेंट की गई। इसके अतिरिक्त कक्षा 10वीं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वर्तमान में अध्ययनरत 15 मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मान राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण श्रीकृष्ण लीलाओं का सांस्कृतिक एवं नाट्य रूपांतरण रहा, जिसमें कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के लगभग 900 छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में कड़े परिश्रम के साथ मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में लगभग 4000 अभिभावकों ने उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम की शोभा और अधिक बढ़ा दी। श्रीकृष्ण के विराट रूप एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की समाप्ति हुई। आभार प्रदर्शन उप प्राचार्य श्रीमती अमृता कानूनगो द्वारा किया गया।

Post Author: Vijendra Upadhyay