उग्र आंदोलन की चेतावनी, चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा बनाई
नारेबाजी कर आक्रोशित रहवासियों ने एमआर-1 निर्माण के लिए रैली
देवास। गुरुवार को सैकड़ों की संख्या में रहवासी मास्टर प्लान में प्रस्तावित एमआर-1 निर्माण में हो रही देरी को लेकर सड़क पर उतरे और विरोध स्वरूप रैली निकाली। उल्लेखनीय है कि कैलादेवी चौराहा से बालगढ़ बायपास पर एमआर-1 प्रस्तावित है, जिसके निर्माण को लेकर पिछले कई वर्षों से चर्चा व राजनीतिक घोषणाएं हो रही है, किंतु हाल ही में रहवासियों को मीडिया व अन्य माध्यमों से जानकारी मिल रही है कि एमआर-1 का निर्माण अब खटाई में पड़ गया है। इस जानकारी के बाजार में आते ही दर्जनों कालोनी के रहवासी आक्रोशित हो गए और बुधवार की रात्रि में बद्रीधाम नगर में बड़ी संख्या में रहवासी एकत्रित हुए और एमआर-1 बनाओ समिति का गठन कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की। इसी के तहत गुरुवार को सैकड़ों संख्या में रहवासी गीताश्री ड्रीम सिटी के समीप एकत्रित हुए और यहां से नारेबाजी करते हुए प्रस्तावित एमआर-1 से होते हुए कैलादेवी चौराहा पर पहुंचे। यहां रहवासियों ने कहा कि वर्षों से एमआर योजना पर सिर्फ आश्वासन ही मिल रहे है, लेकिन काम शुरु हुआ है। उनका कहना था कि इस क्षेत्र में पडऩे वाली कालोनियों में प्लाट भी इसी आधार पर बेचे थे कि यहां से एमआर निकलेगा, जिससे रहवासियों को बायपास तक सुगमता तक पहुंचा जा सकेगा, लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को तेज किया जाएगा।
20 कालोनियों रहवासी हो रहे परेशान
एमआर-1 बनाओ समिति के अजय शुक्ला ने बताया कि एमआर-1 के लिए हम शांतिपूर्वक आंदोलन कर रहे है। हमारी मांग है कि वर्षा ऋतु से पूर्व इसका निर्माण किया जाए, क्योंकि वर्षा ऋतु में इस मार्ग से निकलना मुश्किल हो जाएगा। इसमें करीब 20 कालोनियां है, जिसमें करीब 25 हजार लोग प्रभावित हो रहे हैं। इसमें गौमती नगर, बद्रीधाम नगर, जवाहर नगर, बद्रीधाम एक्सटेंशन, प्रेम नगर, सम्यक विहार, गीताश्री ड्रीम सीटी, अंबे नगर सहित कई कालोनियां शामिल है।



