नकली चांदी के सिक्के गिरवी रख 55 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
देवास। कोतवाली पुलिस ने नकली चांदी के सिक्के गिरवी रखकर 55 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 153 नकली चांदी के सिक्के भी जप्त किए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 17 फरवरी 2026 को फरियादी अमरिश चौधरी पिता दिलीप सिंह चौधरी उम्र 48 वर्ष निवासी मकान नंबर 137 महात्मा गांधी मार्ग देवास ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी कंचन ज्वेलर्स नाम से सोने चांदी के आभूषणों की दुकान है। फरियादी के अनुसार मिर्जा बाखल देवास निवासी तोसिफ पिता अबरार खान, जो रतलाम ज्वेलर्स देवास में कार्यरत था और पूर्व परिचित था, दिनांक 17 दिसंबर 2025 को दोपहर लगभग 02:00 बजे उनकी दुकान पर आया तथा 50 चांदी के सिक्के गिरवी रखकर 55,000 रुपये उधार ले गया। परिचित होने के कारण तत्काल सिक्कों की शुद्धता जांच नहीं की गई, लेकिन बाद में जांच करने पर सभी सिक्के नकली पाए गए। इस प्रकार आरोपी ने असली चांदी के सिक्के बताकर नकली सिक्के देकर 55,000 रुपये की धोखाधड़ी की। उक्त रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 79 दिनांक 17 फरवरी 2026 धारा 318 (4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाए तथा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। विश्वसनीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से कुल 153 नकली चांदी के सिक्के जप्त किए गए। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में तौसीफ उर्फ तनवीर पिता अबरार उम्र 22 साल निवासी मिर्जा बाखल देवास, आमेर पिता समीर खान निवासी तराना जिला उज्जैन, जमशेद उर्फ अयान पिता साकिर खान उम्र 22 साल निवासी मिर्जा बाखाल देवास तथा शादाब पिता सादिक खान उम्र 24 साल निवासी मदर बढ़ तराना जिला उज्जैन शामिल हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्यामचंद्र शर्मा, उप निरीक्षक सचिन सोनगरा, प्रधान आरक्षक मनोज पटेल, आरक्षक सूरज सिकरवार, अभिषेक पंवार, मनीष राजपूत, मनीष देथलिया और किशन पंवार की विशेष भूमिका रही, जिसकी सराहना की जा रही है।


