देवास में जुटेगा देशभर के मराठियों का महाकुंभ

देवास में जुटेगा देशभर के मराठियों का महाकुंभ

बृहन्महाराष्ट्र मंडल का 74वां वार्षिक अधिवेशन 27 फरवरी से

​देवास। मराठी संस्कृति, कला और साहित्य के संरक्षण हेतु समर्पित संस्था ‘बृहन्महाराष्ट्र मंडल, नई दिल्ली’ का 74वां वार्षिक अधिवेशन एवं साधारण सभा इस वर्ष मालवा की पावन धरा देवास में आयोजित होने जा रहा है। 27 फरवरी से 1 मार्च 2026 तक चलने वाले इस त्रि-दिवसीय समागम की मेजबानी ‘महाराष्ट्र समाज, देवास’ द्वारा की जा रही है। अधिवेशन के जनसंपर्क प्रभारी उदय टाकलकर, अतुल मद्धव एवं शिरीष खड़ीकर ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस अधिवेशन का आयोजन देवास मंडी व्यापारी एसोसिएशन धर्मशाला (मुख्य बस स्टैंड के सामने) में किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत 27 फरवरी को ‘मराठी भाषा गौरव दिवस’ के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होगी।
• ​27 फरवरी (शुक्रवार): सायं 6:00 बजे से ‘शब्दस्वरांचा सुवर्ण प्रवास’ कार्यक्रम होगा, जिसमें नामचीन कवियों की रचनाओं का गायन होगा।
• ​28 फरवरी (शनिवार): सुबह 8:00 बजे पं. कुमार गंधर्व के पौत्र पं. भुवनेश कोमकली द्वारा ‘निर्मल निर्गुण’ भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। सुबह 10:30 बजे मुख्य औपचारिक उद्घाटन समारोह संपन्न होगा। दोपहर में काव्य पाठ ‘काव्य संगम’ और शाम को प्रसिद्ध युवा गायक कुमार राजयोग धुरी द्वारा ‘भक्तिरंग’ की प्रस्तुति होगी।
• ​01 मार्च (रविवार): सुबह 9:30 बजे वार्षिक साधारण सभा का आयोजन होगा, जिसके बाद वर्ष 2026-2029 के लिए कार्यकारिणी समिति का मतदान और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
समारोह का उद्घाटन सांसद श्री महेंद्रसिंह सोलंकी और विधायक श्रीमती गायत्रीराजे पवार के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में प्रख्यात साहित्यकार श्री अशोक समेळ और प्रसिद्ध गीतकार श्री स्वानन्द किरकिरे भी उपस्थित रहेंगे।

Post Author: Vijendra Upadhyay