देवास पुलिस ने एमडी ड्रग्स के बड़े गिरोह का किया पर्दाफाश
एक माह की निगरानी के बाद 12 घंटे में 4 स्थानों पर दबिश, 14 आरोपी गिरफ्तार, 10 लाख रुपये का मशरूका जब्त
देवास। जिले के युवाओं को नशे की लत लगाने वाले संगठित गिरोह का देवास पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। करीब एक माह तक सतत निगरानी के बाद पुलिस ने मात्र 12 घंटे के भीतर अलग अलग चार स्थानों पर दबिश देकर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एमडी ड्रग्स, वाहन, मोबाइल फोन सहित करीब 10 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार तथा पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में नशा मुक्ति जनजागरूकता अभियान नशे से दूरी है जरूरी चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत देवास जिले में पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के नेतृत्व में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक देवास सुमित अग्रवाल तथा एसडीओपी सोनकच्छ दीपा माण्डवे के निर्देशन में कोतवाली, औद्योगिक क्षेत्र, पीपलरावां और बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अलग अलग स्थानों पर दबिश दी।
पहली कार्रवाई थाना बैंक नोट प्रेस क्षेत्र में की गई, जहां बिलावली राजपुरा रोड पर बिना नंबर की सिल्वर रंग की इग्निस कार में एमडी ड्रग्स का सौदा करने आए पांच आरोपियों राजा खान, महेश कुमावत, रईस खान, सोदान परमार और शेख शाहरुख को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 18.97 ग्राम एमडी ड्रग्स, नगदी, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू तथा कार जब्त की गई।
दूसरी कार्रवाई थाना पीपलरावां क्षेत्र में की गई, जहां सूरजना फाटा पर शकील खान को एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने उसके अन्य साथियों अल्ताफ और प्रताप सिंह को भी गिरफ्तार किया तथा उनके कब्जे से 11.62 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई।
तीसरी कार्रवाई थाना कोतवाली क्षेत्र में मोती बंगला रेलवे पटरी के पास की गई, जहां जुबेर खान, ताहिर शाह और साहिल शेख को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 17.87 ग्राम एमडीएमए, तीन मोबाइल फोन और नगदी राशि जब्त की गई।
चौथी कार्रवाई थाना औद्योगिक क्षेत्र में क्षिप्रा ब्रिज के पास की गई, जहां लाल रंग की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल से आए तीन आरोपियों हबीब उर रहमान उर्फ रघु, अरुण वर्मा और कैफ को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 16.24 ग्राम एमडी ड्रग्स और मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई में कुल 64.7 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक इग्निस कार, एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल और 14 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश स्तर पर चल रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत देवास पुलिस की यह पिछले डेढ़ माह में चौथी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी पुलिस ने 31 स्थानों पर एक साथ दबिश देकर 43 लाख 30 हजार रुपये कीमत का 437 किलो अवैध गांजा जब्त कर 14 तस्करों को गिरफ्तार किया था। अब तक देवास पुलिस कुल 32 स्थानों पर दबिश देकर 475 किलो 875 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत लगभग 57 लाख 30 हजार रुपये है, जब्त कर 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से भी विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पूरे मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थों के नेटवर्क की आगे जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में कोतवाली, पीपलरावां, बैंक नोट प्रेस और औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ साइबर सेल टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।


