चेहरा एक, 84 सिम कार्ड, गिरफ्तार

चेहरा एक, 84 सिम कार्ड, गिरफ्तार

ऑपरेशन फेस के तहत देवास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जीवाड़े का खुलासा

देवास। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन फेस” के तहत देवास पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने एक ही व्यक्ति की फोटो का उपयोग कर 84 सिम कार्ड जारी कराए थे।

पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें दूरसंचार विभाग से प्राप्त फर्जी सिम धारकों के डाटा के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। देवास जिले में इस प्रकार की गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा सख्त निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्यामचन्द्र शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

जांच में सामने आया कि वर्ष 2023 में दूरसंचार विभाग द्वारा एआई आधारित फेशियल रिकग्निशन टूल के माध्यम से फर्जी सिम कार्ड से जुड़ा डाटा उपलब्ध कराया गया था। विश्लेषण में पाया गया कि एक ही व्यक्ति के चेहरे का उपयोग कर 50 से अधिक मोबाइल नंबर अलग अलग नाम और पते से सक्रिय किए गए। विस्तृत जांच में यह संख्या 84 सिम कार्ड तक पहुंची, जो वर्ष 2020 से 2022 के बीच जारी किए गए थे।

इनमें से अधिकांश सिम अन्य व्यक्तियों के नाम पर संचालित पाए गए। टेलीकॉम कंपनी से जानकारी लेने पर पता चला कि तीन वर्ष से अधिक पुराने सिम कार्ड के कस्टमर एप्लिकेशन फॉर्म उपलब्ध नहीं हो सके, जबकि 84 में से केवल 16 फॉर्म ही प्राप्त हुए।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अबरार उर्फ अरबाज उर्फ अब्दुल निवासी गंधर्वपुरी थाना सोनकच्छ जिला देवास ने 8 सिम स्वयं अपने फोटो से सत्यापित कर जारी कराए थे, जबकि अन्य 8 सिम पीओएस एजेंट के माध्यम से जारी किए गए, जिनमें भी उसी का फोटो उपयोग किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने एक ही व्यक्ति की पहचान का दुरुपयोग कर बड़े स्तर पर फर्जी सिम कार्ड जारी कराए और अवैध लाभ प्राप्त किया। इस मामले में थाना कोतवाली देवास में अपराध क्रमांक 180 दिनांक 30 मार्च 2026 धारा 420 आईपीसी, 66 (सी) आईटी एक्ट तथा दूरसंचार अधिनियम 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

पुलिस आगे यह भी जांच कर रही है कि ये सिम कार्ड वर्तमान में किन व्यक्तियों के पास हैं और उनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा है।

देवास पुलिस ने सिम कार्ड विक्रेताओं से अपील की है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post Author: Vijendra Upadhyay