त्योहारों पर कानून व्यवस्था व शांति बनाये रखने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किये जायेंगे

त्योहारों पर कानून व्यवस्था व शांति बनाये रखने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किये जायेंगे

आगामी त्योहारों को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित

देवास। जिले में आगामी माह आयोजित होने वाले गणेश उत्सव एवं नवरात्रि सहित अन्य त्योहारों के दौरान शांति, कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संबंध में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी एवं अपर कलेक्टर संजीव जैन की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में गणेश स्थापना एवं दुर्गा प्रतिमा स्थापना के दौरान पीओपी (प्लास्टर ऑफ पेरिस) की मूर्तियों का उपयोग नहीं करने की अपील की गई। नागरिकों से पीओपी के स्थान पर मिट्टी की मूर्तियों की स्थापना कर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का आग्रह किया गया। अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी ने बताया कि जिले में पीओपी की मूर्ति स्थापना के संबंध में प्रतिबंधात्मक आदेश भी जारी किया गया है।

जुलूस मार्ग पर व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश

अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि झांकियां निकलने से पूर्व एमजी रोड पर चल रहे निर्माण कार्यों को इस प्रकार पूर्ण करें कि जुलूस एवं झांकियों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने नगर निगम को जुलूस मार्ग पर विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम को फायर ब्रिगेड की व्यवस्था के निर्देश भी दिए। उन्होंने एमपीईबी के अधिकारियों को जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर नीचे लटक रहे बिजली के तारों को ऊंचा करने तथा आवश्यक विद्युत व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पांडालों में सुरक्षा एवं वैध विद्युत कनेक्शन अनिवार्य

अपर कलेक्टर संजीव जैन ने कालूखेड़ी स्थित तालाब पर प्रतिमा विसर्जन के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने सभी समितियों से कहा कि पांडाल लगाने से पूर्व आवश्यक अनुमति प्राप्त करें तथा पांडालों में विद्युत व्यवस्था के लिए एमपीईबी से वैध अस्थायी विद्युत कनेक्शन अवश्य लें। उन्होंने निर्देश दिए कि पांडाल बिजली के तारों के नीचे अथवा ऐसे स्थान पर नहीं लगाए जाएं, जिससे यातायात बाधित हो। सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक पांडाल में ऐसा सीसीटीवी कैमरा लगाया जाए, जिसमें आने वाले लोगों के चेहरे स्पष्ट रूप से दिखाई दें। एमपीईबी के अधिकारियों को सभी पांडालों का निरीक्षण कर विद्युत कनेक्शन एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने भंडारों में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखने तथा नागरिकों को कचरा डस्टबिन में ही डालने के लिए प्रेरित करने को कहा, जिससे शहर की स्वच्छता बनी रहे।

वॉलेंटियर एवं सीसीटीवी के माध्यम से करें निगरानी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह वर्धमान, ने कहा कि गणेश उत्सव एवं नवरात्रि के दौरान सभी पांडाल समितियां पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर नियुक्त करें तथा पांडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था प्रभावी रहे। उन्होंने नागरिकों से अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करने तथा जिम्मेदारीपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्वों के दौरान कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सभी नागरिक भाईचारे की भावना के साथ त्योहार मनाएं।

परंपरागत मार्ग से ही निकले जुलूस, हथियारों का प्रदर्शन प्रतिबंधित

बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन, झांकियों के मार्ग एवं समय के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। जुलूस परंपरागत मार्ग से ही निकालने के संबंध में सहमति बनी। इस दौरान बताया गया कि जुलूस में किसी भी प्रकार का हथियार लेकर चलना प्रतिबंधित रहेगा। अखाड़ों में केवल प्रतीक स्वरूप चिन्ह रखा जा सकेगा। जुलूस के दौरान करतब प्रदर्शन में किसी भी प्रकार के हानिकारक अथवा जानलेवा करतब का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। समितियों एवं आयोजकों से सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की गई।

प्रशासन के साथ समिति सदस्य भी करें सहयोग

बैठक में कहा गया कि देवास शहर में पिछले दिनों सभी त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण मंर मनाए गए हैं। आगामी त्योहार भी शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारे के साथ मिल-जुलकर मनाए जाएं। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। प्रशासन एवं पुलिस अपने स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे, वहीं शांति समिति के सदस्य भी त्योहारों के दौरान सक्रिय रूप से प्रशासन का सहयोग करें। जिले में अमन-चैन एवं भाईचारे की परंपरा को आगे भी कायम रखने के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए सुझावों पर जिला प्रशासन द्वारा विचार कर आवश्यकतानुसार सभी प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही गई। साथ ही देवास शहर में एमजी रोड सहित अन्य स्थानों पर चल रहे निर्माण कार्यों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में किए जा रहे निर्माण कार्यों का दूरगामी परिणाम शहर के लिए बेहतर एवं उपयोगी होगा।
बैठक में शांति समिति के सदस्यगण तथा संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Post Author: Vijendra Upadhyay