पाइप चोरी का प्रयास कर रहे दो आरोपी नेमावर पुलिस ने रंगे हाथ पकड़े

पाइप चोरी का प्रयास कर रहे दो आरोपी नेमावर पुलिस ने रंगे हाथ पकड़े

रात 2 बजे पानी में डूबे पाइप निकालकर चोरी करने पहुंचे थे आरोपी, 57 लोहे के पाइप सुरक्षित बरामद

नेमावर। संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देश पर जिले में रात्रि गश्त एवं पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी क्रम में नेमावर पुलिस ने पाइप चोरी का प्रयास कर रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
2 सितंबर को लोहे के पाइप से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेस्ट हाउस चौराहा स्थित पुलिया के पास अनियंत्रित होकर पलट गई थी। दुर्घटना के दौरान ट्रॉली में रखे पाइप पानी में गिर गए थे। पाइप मालिक ने अधिकांश पाइप पानी से बाहर निकलवा लिए थे, जबकि 57 पाइप पानी में रह गए थे। इनकी सुरक्षा के लिए पाइप मालिक मौके पर मौजूद था।
इसी दौरान पाइप मालिक के कुछ समय के लिए मौके से जाने पर दो व्यक्ति पानी में डूबे पाइप निकालकर चोरी करने का प्रयास करने लगे। रात्रि गश्त के दौरान करीब 2 बजे नेमावर पुलिस को इसकी सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पानी में डूबे लोहे के पाइप निकालकर चोरी करने का प्रयास कर रहे दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने 57 लोहे के पाइप, अनुमानित कीमत 50 हजार रुपए, सुरक्षित बरामद किए। पुलिस की सतर्कता से चोरी का प्रयास विफल हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों में अर्जुन पिता सज्जन सिंह कर्मा, उम्र 24 वर्ष, निवासी रेतनाका नेमावर तथा शेरसिंग पिता गेंदालाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी रेतनाका नेमावर शामिल हैं। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
देवास पुलिस आमजन की संपत्ति की सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सतर्कता बरत रही है। रात्रि गश्त के माध्यम से संपत्ति संबंधी अपराधों को रोकने के लिए कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी नेमावर निरीक्षक टीना शुक्ला, भूपेंद्र, नारायण यादव, रामबिलास गुर्जर एवं चालक मनोज प्रजापति की सराहनीय भूमिका रही।

Post Author: Vijendra Upadhyay