भाजपा 24 को करेगी कलेक्टर कार्यालय का घेराव

– राजगढ़ कलेक्टर की कार्यप्रणाली और देवास में सांसद के साथ अभद्रता का करेंगे विरोध
देवास। प्रदेश में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है, तभी से भाजपा कार्यकर्ताओं को जानबूझकर टार्गेट किया जा रहा है। सरकार के इशारे पर अधिकारी भी भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने में लगे हैं। अतिक्रमण हटाने के नाम पर भाजपा कार्यकर्ताओं के निर्माण तोड़े जा रहे हैं। साथ ही पिछले दिनों राजगढ़ कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर द्वारा सीएए के समर्थन के लिए निकली राष्ट्रहिताय रैली में कार्यकर्ताओं से मारपीट की गई। उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए। सत्ता के नशे में चूर प्रभारी मंत्री ने देवास में जियोस की बैठक में सांसद के साथ अभद्रता की। कलेक्टर ने देवास में सांसद के प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया। भाजपा जिला प्रवक्ता शंभू अग्रवाल ने बताया कि इन सभी विषयों पर भाजपा कार्यकर्ता पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्णमुरारी मोघे के नेतृत्व में 24 जनवरी दोपहर 12.30 बजे कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे। इसके पूर्व दोपहर 12 बजे कार्यकर्ता भाजपा जिला कार्यालय पर एकत्र होंगे और यहां से रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे। घेराव में सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, सभी जिला एवं प्रदेश पदाधिकारियों के साथ सभी जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, सभी मोर्चा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, विभाग, प्रकल्प एवं प्रकोष्ठों के जिला संयोजक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। जिलाध्यक्ष श्री नंदकिशोर पाटीदार ने जिले के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं से घेराव में उपस्थित रहने की अपील की है।

Post Author: Vijendra Upadhyay

Leave a Reply