कोरोना वायरस के संबंध में कलेक्टर डॉ. पाण्डेय ने ली पत्रकार वार्ता

-कोरोना वायरस की रोकथाम व बचाव को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट
-जिला अस्पताल में आईसोलेशन वार्ड के साथ ही दौलतपुर रेस्ट हाउस में क्वारेनटाइन की व्यवस्था
-हवा से नहीं फैलता है कोरोना वायरस, संक्रमित मनुष्य व वस्तु के संपर्क में आने से ही फैलता है वायरस
-कोरोना वायरस के फैलाव को रोकना ही बचाव का सबसे सार्थक कदम
-भीड़भाड़ वाले स्थलों पर जाने से बचे ताकि संक्रमण का खतरा कम से कम हो

देवास, 17 मार्च 2020/ कलेक्टर डॉ. श्रीकान्त पाण्डेय ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कोरोना वायरस के संबंध में पत्रकारों से चर्चा की। कलेक्टर डॉ. पाण्डेय ने कहा कि कोरोना वायरस का संक्रमण महामारी का रूप ले चुका है और विश्व के कई देशों में फैल चुका है। उन्होंने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा कोरोना वायरस को पैंडेमिक महामारी के रूप में घोषित किया गया है। इस बीमारी की गंभीरता को समझने की आवश्यकता है। हमें अपने जिले के नागरिकों को यह बताने की आवश्यकता है कि कोरोना से घबराए नहीं बल्कि इसके संक्रमण से बचने के लिए सावधान, सजग व सतर्क रहने की जरूरत है।
कलेक्टर डॉ. पाण्डेय ने कहा कि जिला प्रशासन कोरोना वायरस को लेकर सजग व सतर्क है। अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों की स्क्रीनिंग की जा रही है। जिला अस्पताल में आईसोलेशन वार्ड के साथ ही दौलतपुर रेस्टहाउस में अलग से क्वारैनटाइन वार्ड तथा अमलतास अस्पताल में कोरोना वायरस के संदिग्धों के लिए 30 बिस्तरों की अलग से व्यवस्था की गई है। जिले में राज्य सरकार की एडवायजरी के मुताबिक धारा-144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थाएं, कोचिंग, आंगनवाड़ी आदि बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा जहां लोगों के समूह में एकत्रित होने की संभावनाएं रहती है जैसे सिनेमा हॉल, स्वीमिंग पूल, जिम, मैरिज गार्डन आदि को भी बंद करने के लिए निर्देशित किया गया है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी जगह कभी भी बड़ी संख्या में एकत्रित न हो। जिससे लोगों के बीच संपर्क को टालकर संक्रमण को रोका जा सके।
कलेक्टर डॉ. पाण्डेय ने कहा कि चूंकि कोरोना वायरस का कोई इलाज या दवा अनुसंशित नहीं है। केवल लक्षणों के आधार पर इसका इलाज किया जाता है। इसलिए कोरोना के संक्रमण से बचाव व सावधानियां बरतना ही इसका इलाज है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि वे सामूहिक रूप से एकत्रित न हो। यथा संभव जरूरी न हो तो यात्रा को टाले। चूंकि यह वायरस हवा से नहीं फैलता है। वस्तुओं, कपड़ों, हाथों में संक्रमण से फैलता है। इसलिए यह जरूरी है कि संक्रमित वस्तुओं के संपर्क में आने पर बार-बार साबुन से हाथ धोएं। लोगों व आमजन की सुरक्षा की दृष्टि से अन्य एतिहाती उपाय भी किए गए हैं। बसों व सार्वजनिक परिवहन जैसे मैजिक आदि को सुबह-शाम धोने के लिए आरटीओ द्वारा निर्देशित किया गया है। मास्क की उपलब्धता के लिए स्व सहायता समूह से सस्ती दरों पर तैयार कराए जा रहे है ताकि आम लोगों को उपलब्ध हो सके।
पत्रकार वार्ता में कलेक्टर डॉ. पाण्डेय ने धारा-144 के तहत जारी प्रतिबंधात्मक आदेशों की विस्तार से जानकारी दी। प्रारंभ में जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. रश्मि दुबे द्वारा कोरोना वायरस की पृष्ठभूमि, कोरोना वायरस के संक्रमण, बीमारी के लक्षण, बचाव व उपचार के संबंध में जिला प्रशासन की तैयारियों से विस्तार से अवगत कराया गया। उन्होंने पावर पाइंट प्रेजेनटेशन के माध्यम से जानकारी दी। प्रेस वार्ता में पत्रकारों ने अपने सुझाव भी रखे। इस अवसर पर एडीएम नरेंद्र सूर्यवंशी, सीएमएचओ डॉ. आरके सक्सेना, एसडीएम अरविंद चौहान सहित बड़ी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित थे।

Post Author: Vijendra Upadhyay

Leave a Reply