जिला चिकित्सालय में सर्दी, जुकाम, खांसी हेतु विशेष ओ.पी.डी. की व्यवस्था
देवास, 18 मार्च 2020/ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कोरोना कोविट-19 के नियंत्रण एवं बचाव हेतु कलेक्टर डॉ. श्रीकान्त पाण्डे्य के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग जिला देवास पूर्णतः सतर्कता बरतते हुए देवास जिले में कोरोना कोविट-19 के नियंत्रण एवं बचाव के लिये समस्त तैयारी की जा चुकी है। जिले में कलेक्टर डॉ. श्रीकान्त पाण्डेय की अध्यक्षता में डिस्ट्रीक्ट टास्क फोर्स, शांति समिति की बैठक व मीडिया एडवोकेसी व विकासखण्डों में भी अनुविभागीय अधिकारी अधिकारी की अध्यक्षता में ब्लाक टास्क फोर्स, शांति समिति की बैठक के माध्यम से जनजागरूकता का कार्य किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में व विभिन्न कार्यालयों तथा सार्वजनिक स्थानों पर कोरोना कोविट-19 के नियंत्रण व बचाव हेतु बेनर तथा समस्त ब्लाक मुख्यालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों व अन्य सार्वजनिक बेनर, पोस्टर के माध्यम से जनजागरूकता का कार्य किया जा रहा है। 17 मार्च को वीडियो कान्फ्रेन्स में दिये गये निर्देशानुसार 18 मार्च को ब्लाक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को ट्रेनिंग भी दी जा चुकी है।
जिला चिकित्सालय में मुख्य ओ.पी.डी. गेट के पास सर्दी, जुकाम, खांसी के मरीजों हेतु ओ.पी.डी. की व्यवस्था की गई है, जिले में रेपिड रिस्पांस टीम का भी गठन किया गया है एवं जिला चिकित्सालय में कंट्रोल रूम स्थापित कर कान्टेक्ट हेतु 07272-252572 एवं जिला प्रशासन द्वारा भी कलेक्टर कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है जिसका संपर्क नंबर 07272-250666 है। जिस पर कोई भी नागरिक कोरोना कोविट-19 से संबंधित ले या दे सकता है।
जिला चिकित्सालय में तृतीय तल पर 03 रूम में दो-दो बेड के आईसोलेशन वार्ड बनाये गये हैं। इसी प्रकार कोरेन्टीन 08 बेड का रेस्ट हाउस दौलतपुर (देवास भोपाल रोड़ सीहोर जिला की सीमा पर), 30 बेड का अमलतास मेडिकल कॉलेज देवास एवं 50 बेड का मॉडल जीएनएमटीसी देवास में प्रोटोकाल के अनुरूप तैयार किया गया है।
देवास जिले में जिला प्रशासन द्वारा धारा 144 लगाई गई है एवं इलेक्ट्रानिक एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता व आशा कार्यकर्ता द्वारा समूह बैठकों के माध्यम से आम नागरिकों को जानकारी दी जा रही है।
देवास जिले में अभी तक कोरोना कोविट-19 का कोई भी संभावित मरीज नहीं पाया गया है। शरारती तत्वों द्वारा कोरोना कोविट-19 व इसके नियंत्रण तथा बचाव की व्यवस्था संबंधित तथ्यहीन, भ्रामक व गलत जानकारी इलेक्ट्रानिक मीडिया, सोशल मीडिया व ट्वीटर के माध्यम से फैलाई जा रही है, ट्वीटर पर अंकित बंसल नामक व्यक्ति द्वारा तथ्यहीन एवं भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला-देवास द्वारा अपील की गई है कि किसी भी नागरिक द्वारा तथ्यहीन एवं भ्रामक जानकारी नहीं फैलाई जावे।

