कोरोना वायरस के संबंध में जिला अधिकारियों की बैठक संपन्न

आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु नोडल विभागों को कार्य योजना बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश
देवास 22 मार्च 2020/ कलेक्टर डॉ श्रीकांत पाण्डेय ने रविवार को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोरोना वायरस के संक्रमण से निपटने के लिए आगामी दिनों के लिए हर विभाग तत्काल अपनी कार्ययोजना बनाए और आज शाम 6:00 बजे ही कलेक्टर कार्यालय में उपस्थित होकर प्रस्तुत करें। इसके साथ कार्य योजना का प्रजेंटेशन भी प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारी भी बनाए गए। चिकित्सक स्टाफ, अस्पताल, एंबुलेंस आइसोलेशन वार्ड, संदिग्धों को अस्पताल लाने की व्यवस्था दवाइयों की उपलब्धता उपचार आदि सभी कार्यों के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया। संदिग्ध मरीजों को लाने के लिए 108 व वाहनों के ड्राइवरों को प्रशिक्षित करने व संक्रमण से बचाव हेतु किट उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। दवाइयां व अन्य जरूरी उपकरण मेडिकल स्टोर पर निर्धारित दरों पर ही विक्रय हो इस बात को सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि विभाग के निरीक्षक को निर्देशित किया गया। इसी तरह खाद्य पदार्थों, सब्जी व दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला आपूर्ति अधिकारी, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवा एवं उप संचालक उद्यानिकी को निर्देशित किया।
बैठक में नगरीय निकायों व ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई व पेयजल व्यवस्था के संबंध में भी दिशा निर्देश दिए गए। नगरीय क्षेत्रों में संबंधित क्षेत्र के मुख्य नगरपालिका अधिकारी साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। इनके लिए जिला शहरी विकास अभिकरण के जिला परियोजना अधिकारी को नोडल अधिकारी होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में संबंधित जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी व्यवस्थाएं देखेंगे। कार्यपालन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी को भी दिशा निर्देश दिए गए। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी को विद्युत आपूर्ति निरंतर बनाए रखने हेतु कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने हेतु निर्देशित किया गया। अस्पतालों में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था विशेष रूप से चुस्त-दुरुस्त रहनी चाहिए। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस व कार्यपालिक दंडाधिकारी की ड्यूटी लगाने हेतु दिशा निर्देश दिए गए। बसों में यात्री परिवहन हेतु राज्य सरकार की एडवाइजरी का पालन सुनिश्चित कराने हेतु आरटीओ को निर्देश दिए गए। बैठक में सभी विभागों के बीच समन्वय, नियंत्रण एवं निर्देशन हेतु एक कंट्रोल रूम का गठन करने के लिए निर्देशित किया गया।

Post Author: Vijendra Upadhyay

Leave a Reply