पित्ताशय के कैंसर को हराकर मरीज को मिला नया जीवन
अमलतास सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में सफल रैडिकल सर्जरी
देवास। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खिलाफ जंग में समय पर सही उपचार और विशेषज्ञ टीम का प्रयास मरीज के जीवन में नई उम्मीद ला सकता है। ऐसा ही एक सफल उदाहरण सुपर स्पेशलिटी अस्पताल देवास में देखने को मिला, जहां 55 वर्षीय महिला मरीज का पित्ताशय (गॉलब्लैडर) के कैंसर का सफलतापूर्वक उपचार किया गया।
मरीज को जांच के बाद पित्ताशय के कैंसर का पता चला। बीमारी की गंभीरता को देखते हुए डॉ. उमेश जेठवानी, एमसीएच सर्जिकल ऑन्कोलॉजी द्वारा मरीज की रैडिकल कोलेसिस्टेक्टॉमी सफलतापूर्वक की गई। इस जटिल कैंसर सर्जरी में पित्ताशय के साथ आसपास के प्रभावित ऊतकों एवं आवश्यक लिम्फ नोड्स को हटाया गया, जिससे बीमारी के बेहतर नियंत्रण में मदद मिल सके।
डॉ. उमेश जेठवानी ने बताया कि पित्ताशय का कैंसर कई बार शुरुआती अवस्था में स्पष्ट लक्षण नहीं देता। पेट में लगातार दर्द, भूख में कमी, वजन कम होना या अन्य असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और विशेषज्ञ उपचार से कैंसर के मरीजों को बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।
इस सफल उपचार में मल्टीडिसिप्लिनरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। मेडिकल ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. हेमंत मित्तल, डॉ. विजय, डॉ. शफाक, डॉ. कौशल एवं डॉ. रजत सहित टीम ने मरीज के समग्र उपचार एवं आगे की देखभाल में सहयोग किया। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. प्रिया (एनेस्थेटिस्ट) का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यह जटिल सर्जरी प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत की गई, जिससे मरीज को उच्च स्तरीय कैंसर उपचार का लाभ मिल सका। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति में सुधार हुआ और वह स्वस्थ होकर आगे के फॉलोअप के लिए तैयार है।
अमलतास सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के चेयरमैन श्री मयंक राज सिंह भदौरिया जी द्वारा बताया गया की अमलतास सुपर स्पेशलिटी अस्पताल देवास में कैंसर उपचार के लिए आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ टीम के संयुक्त प्रयासों से क्षेत्र के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह सफलता कैंसर से लड़ रहे मरीजों और उनके परिवारों के लिए आशा का संदेश है।


