अंधविश्वास की आड़ में तांत्रिक क्रिया का झांसा देकर सोने के आभूषण ठगने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

अंधविश्वास की आड़ में तांत्रिक क्रिया का झांसा देकर सोने के आभूषण ठगने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

तांत्रिक क्रिया के नाम पर ठगी का पर्दाफाश, 8 दिन में आरोपियों तक पहुंची पुलिस

3 हजार किलोमीटर की पड़ताल और 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने किया खुलासा, करीब 3 लाख रुपए का मश्रुका बरामद

देवास। अंधविश्वास का सहारा लेकर तांत्रिक क्रिया के नाम पर सोने के आभूषण ठगने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फरियादिया से ठगे गए करीब 3 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण सहित अन्य सामग्री बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन में धोखाधड़ी एवं ठगी करने वाले आरोपियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 30 अगस्त 2026 को त्रिलोक नगर देवास निवासी गीता प्रजापत ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने घर की बाधा दूर करने और तांत्रिक क्रिया से समस्या का समाधान करने का झांसा देकर पहले 2,100 रुपए लिए। इसके बाद घर पहुंचकर तांत्रिक क्रिया के नाम पर सोने के आभूषण लेकर उन्हें लाल कपड़े की पोटली में बांध दिया और अगले दिन वापस करने का कहकर बुलाया।

फरियादिया जब बताए गए स्थान मिश्रीलाल नगर पहुंची तो आरोपियों ने कथित तांत्रिक क्रिया कर पोटली वापस कर दी। घर जाकर पोटली खोलने पर उसमें से सोने के आभूषण गायब मिले। वापस मिश्रीलाल नगर पहुंचने पर आरोपियों के यहां ताला लगा मिला। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 482/2026, धारा 318 (4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर गजेंद्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक देवास सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी सिविल लाइन विजय सिंह लोधी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आरोपियों की गतिविधियों से जुड़े 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम अहमदाबाद (गुजरात) होते हुए राजस्थान के पाली और जोधपुर तक पहुंची। करीब 3 हजार किलोमीटर की पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम प्रदीप पिता चंपालाल जोशी (36) निवासी पिपाड़ शहर, जिला जोधपुर राजस्थान और विनोद कुमार पिता कैलाशचंद्र जोशी (42) निवासी पिपाड़ शहर, जिला जोधपुर राजस्थान बताया। आरोपियों की निशानदेही पर पाली राजस्थान स्थित विनोद कुमार के घर से फरियादिया से ठगे गए सोने के आभूषण बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपी

प्रदीप पिता चंपालाल जोशी, उम्र 36 वर्ष, निवासी पिपाड़ शहर, जिला जोधपुर राजस्थान।

विनोद कुमार पिता कैलाशचंद्र जोशी, उम्र 42 वर्ष, निवासी पिपाड़ शहर, जिला जोधपुर राजस्थान।

बरामद मश्रुका

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के एक जोड़ी टॉप्स, एक जोड़ी कान की झुमकी, एक बड़ा मंगलसूत्र पेंडल, 2 छोटे मंगलसूत्र पेंडल, 18 मोती (पारा), 3 मोबाइल फोन सहित करीब 3 लाख रुपए का मश्रुका बरामद किया है।

सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक विजय सिंह लोधी, उप निरीक्षक लोकेश कुशवाह, उप निरीक्षक संजय सौराष्ट्रीय, प्रधान आरक्षक पवन पटेल, सुनील देथलिया, आरक्षक हितेश कुशवाह तथा साइबर सेल देवास से प्रधान आरक्षक सचिन चौहान एवं शिवप्रताप सिंह सेंगर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post Author: Vijendra Upadhyay