महान विभूति स्व. नारायणदास मूंदड़ा के नाम से जाना जाएगा विजय नगर मुख्य मार्ग

अविस्मरणीय स्मृति हेतु एम आर 8 पर स्व. मूंदड़ा की प्रतिमा का अनावरण
देवास। देवास के आर.एस.एस. के क्षेत्र में जीवटता, संघर्षशील जीवन शैली से कार्य करने वाले कर्मठ , आदर्श व्यक्तित्व एवं सामाजिक कार्यकर्ता स्व. नारायणदास मूंदड़ा की स्मृति को अविस्मरणीय बनाने की दिशा में नगर निगम देवास एवं स्व. नारायणदास मूंदड़ा स्मृति न्यास द्वारा संयुक्त रूप से उनके नाम विजय नगर प्रमुख मार्ग का नामकरण किया गया तथा उनकी प्रतिमा की स्थापना एम आर 8 मार्ग पर नारायणदास मूंदड़ा स्मृति न्यास द्वारा की गई।

प्रतिमा का अनावरण एवं मार्ग पट्टिका शिलान्यास प्रदेश के तकनीकी कौशल मंत्री दीपक जोशी एवं मध्य क्षेत्र के सरसंघचालक अशोक सोहनी द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में किया गया। कार्यक्रम का आरंभ माँ भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर विजय नगर मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता म.प्र.पर्यटन विभाग अध्यक्ष तपन भौमिक एवं विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार ने की तथा विशेष अतिथि के रूप में महापौर सुभाष शर्मा एवं पापुनि अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, पार्षद शांता ठाकुर, अहिल्या पंवार, एल्डरमेन आशुतोष जोशी उपस्थित रहे। .

कार्यक्रम में संघ संचालक श्री सोहनी ने श्री मूंदड़ा के व्यक्तित्व को अनंत क्षमताओं, बौद्धिकता, संघर्षशील एवं बहुमुखी प्रतिभा का धनी बताते हुए कहा कि उनमें संगठन के संचालन के साथ साथ कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन एवं उन्हें जोडे रखने की अद्भुत क्षमता थी। मंत्री श्री जोशी ने कहा कि श्री मूंदड़ा सामाजिक एवं राजनैतिक क्षेत्र के संकट मोचन थे, विषम परिस्थिति को सहज बनाना उनकी कार्यशैली का प्रमुख अंग था। अनेकों बार उन्होंने पार्टी को विषमता से उभारा है। पर्यटन अध्यक्ष श्री भौमिक ने कहा कि उनके कार्यक्रम में आरएसएस, विहिप सहित सभी अनुसांगिक संगठनों की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि वे एक लोकप्रिय एवं अनुशासित, संघर्षशील व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने कहा कि उनके कार्य हमें सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। विधायक श्रीमंत गायत्री राजे ने कहा कि वे महाराज के मार्गदर्शक रहे। राजनीति के क्षेत्र में महाराज की उंचाईयों में उनका सहयोग सदैव स्मरणीय रहेगा। पापुनि अध्यक्ष श्री सेंधव ने उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मैं संघ का सेवक उनकी प्रेरणा एवं आशीर्वाद से ही रहा हूँ। महापौर श्री शर्मा ने स्वागत भाषण में कहा कि हमने उनके व्यक्तित्व, कृतित्व के स्मरण हेतु इस मार्ग का नामकरण उनके नाम से किया। निगम परिषद सामाजिक, राजनैतिक एवं क्रांतिकारी हस्तियों का पुण्य स्मरण कर उनकी प्रतिमाएं भी स्थापित कर रही है। अतिथियों का परिचय योगेश रघुवंशी ने दिया । अतिथियों का स्वागत पद्मनारायण दुबे, विपिन डागा, प्रकाश भूतड़ा, आरती मूंदड़ा, प्रकाश पंवार, आनंद अधिकारी,संजय तलाटी, ऋषि सोनी आदि ने किया। इस अवसर पर आर.एस.एस. के कार्यकर्ता एवं अनेक पदाधिकारी सहित डॉ. डी.पी.श्रीवास्तव, विधायक ब्रजमोहन धूत, उज्जैन सभापति सोनू गोहिल, गोविंद मालू, अजय गुप्ता, राजीव खंडेलवाल, दुर्गेश अग्रवाल, मनीष डांगी, अभिमन्यु पाटिल, मिलिंद सोलंकी, दिलीप ठाकुर, राजेश यादव, सुमेरसिंह ठाकुर शशिकांत यादव आदि सहित सैकडों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन चेतन उपाध्याय ने किया तथा आभार मनोज मूंदड़ा ने माना।

Post Author: Vijendra Upadhyay

Leave a Reply