-कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर गेहूं उपार्जन तथा कोविड-19 के नियंत्रण के प्रयासों के संबंध में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की ली बैठक
-कृषि उपज मंडी पहुंचकर सौदा पत्रक के माध्यम से गेहूं उपार्जन का लिया जायजा
देवास 02 मई 2020/ राज्य शासन द्वारा देवास जिले में कोविड-19 के नियंत्रण हेतु नियुक्त प्रभारी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी व कृषि उपज मंडी बोर्ड भोपाल के आयुक्त सह प्रबंधक संदीप यादव आज शनिवार को देवास पहुंचे। जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर जहॉ गेहूं खरीदी कार्य की समीक्षा की, वही जिले में कोरोना वायरस की रोकथाम एवं पॉजिटिव पाये गये रोगियो के उपचार की स्थिति को भी जाना। बैठक में कलेक्टर डॉ श्रीकान्त पांडेय, पुलिस अधीक्षक श्रीमती कृष्णावेणी देशावतु, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती शीतला पटले, एडीएम नरेंद्र सूर्यवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आरके सक्सेना सिविल सर्जन डॉ अतुल विडबई तथा उपार्जन से संबंधित विभागों के अधिकारी गण उपस्थित थे।
बैठक में बताया गया कि जिले में संदिग्ध मरीजों के अभी तक 374 सैंपल लिए गए हैं जिसमें से 327 सैंपल नेगेटिव आए हैं जबकि 26 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं जिले में पाये गये इन 26 कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों में उपचार बाद 11 मरीजो के ठीक होकर अपने घरों को लौट जाने पर उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुये विश्वास जताया कि शीघ्र ही शेष मरीज स्वस्थ्य होकर अपने घरों को लौट जायेंगे। उन्होंने कंटेनमेंट एरिया के संबंध में भी जानकारी ली।
कोरोना वायरस संक्रमण से निपटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा क्या-क्या कार्रवाई की जा रही है, इन सभी कार्यों की उन्होंने समीक्षा की। उन्होंने सर्वे व स्क्रीनिंग के साथ ही कांटेक्ट ट्रेसिंग के अलावा क्वॉरेंटाइन से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। जिलाधिकारियों ने जिला प्रशासन द्वारा कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए की जा रही कार्रवाई से आयुक्त सह प्रबंधक कृषि उपज मंडी बोर्ड भोपाल संदीप यादव को अवगत कराया। आयुक्त सह प्रबंधक संदीप यादव ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम हेतु जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि उम्मीद करते हैं कि देवास जिला जल्द ही ऑरेंज जोन में आ जाएगा। उन्होंने कहा कि देवास जिले में कोरोना वायरस संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में है यहां पर 11 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पर भी लौट गए हैं देवास जिले में सही दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा लगातार सतर्कता से कार्य किया जा रहा है। उम्मीद करते हैं कि देवास जिला जल्दी ही रेड जोन से निकलकर ऑरेंज जोन में आ जाएगा।
बैठक में आयुक्त सह प्रबंधक संदीप यादव ने देवास जिले में सौदा पत्रक के माध्यम से मंडी समितियों में क्रय विक्रय की व्यवस्था के अलावा उपार्जन केंद्रों पर गेहूं उपार्जन से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अब तक जिले में उपार्जित गेहूं की मात्रा, किसानों की संख्या व भुगतान की स्थिति के संबंध में भी समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कृषि उपज मण्डी पहुंचकर सौदा पत्रक के माध्यम से गेहूं खरीदी कार्य का लिया जायजा

आयुक्त सह प्रबंधक कृषि उपज मंडी बोर्ड भोपाल संदीप यादव कृषि उपज मंडी देवास के परिसर में पहुंचे इस दौरान कलेक्टर डॉ श्रीकान्त पांडेय, एडीएम नरेंद्र सूर्यवंशी व अन्य अधिकारीगण भी उनके साथ थे। यहां उन्होंने किसान व व्यापारी के बीच आपसी सहमति से सौदा पत्रक के माध्यम से गेहूं उपज के क्रय-विक्रय से संबंधित व्यवस्था का जायजा लिया यहां उन्होंने किसानों से भी चर्चा की। उन्होंने सौदा पत्रक के माध्यम से किसानों को उनकी उपज के मिलने वाले भाव \तथा भुगतान की स्थिति के संबंध में चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसान व व्यापारियों के बीच सौदे निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य से अधिक पर हो , इस बात का ध्यान रखा जाए। उन्होंने कृषि उपज मंडी में कोरोना संक्रमण के चलते सभी से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क का उपयोग करने तथा किसानों के लिए सैनिटाइजर की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों के लिए क्या-क्या व्यवस्था की गई है, सैनिटाइजर की व्यवस्था है या नहीं आदि की जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।। इस दौरान उन्होने किसानो से भी चर्चा कर जाना कि किस प्रकार उन्हें एसएमएस के माध्यम से संदेश भेजकर बुलाया जा रहा है एवं सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करवाते हुये हाथो को सेनेटाइज करवाया जा रहा है। उन्होने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानो को बार – बार समझाइश दी जाये, जिससे वे विक्रय केन्द्र में आने के दौरान एवं फसल विक्रय करने के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अनिवार्य रूप से करें। इस दौरान उन्होने निर्देशित किया कि मौसम में उतार – चढ़ाव के मद्देनजर प्रतिदिन खरीदी जा रही गेहूं की मात्रा को उसी दिन भण्डारगृह में रखवाया जाये। जिससे खरीदा गया गेहूं पूरी तरह से सुरक्षित रह सके।
आयुक्त सह प्रबंधक यादव ने मंडी निरीक्षण के बाद धर्मेश फूड क्रय केंद्र का भी निरीक्षण किया यहां भी उन्होंने किसानों से क्रय विक्रय के भाव तथा भुगतान के संबंध में पूछताछ कर जानकारी ली साथ ही कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव हेतु सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने, मास्क,व सैनिटाइजर का उपयोग करने के संबंध में दिशा निर्देश दिए।

