देवास जिले में अब तक कुल 27 मरीज स्वस्थ होकर घर पहुंचे
सभी ने कलेक्टर डॉ. पाण्डेय एवं जिला प्रशासन को दिया धन्यवाद
देवास 18 मई 2020/ कोविड -19 कोरोना वायरस के पाजीटिव मरीजों का उपचार अमलतास अस्पताल में चल रहा है जिनमे से 5 पाजीटिव मरीज तथा 02 संदिग्ध मरीज को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुटटी कर दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. सक्सेना ने बताया कि आज 18 मई 2020 को रिपोर्ट नेगेटिव आने पर 07 मरीजों को पूर्ण रूप से स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुटटी दी गई। सभी मरीजों ने जाते समय जिला प्रशासन विशेष रूप से कलेक्टर डॉ. श्रीकान्त पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ शीतला पटले सहित अमलतास अस्पताल के सभी चिकित्सक, कर्मचारी विशेष रूप से कोरोना वार्ड के ड्यूटी डॉक्टर तथा नर्सिंग स्टाफ के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
सीएमएचओ डॉ. सक्सेना ने बताया कि आज जिले के लिए खुशी की बात है कि आज जिन मरीजों की छुटटी की गई, उनमें से 02 मरीज अत्यधिक क्रीटिकल थे, जिनको डायबिटीज एवं हार्ट प्राब्लम थी, लेकिन अमलतास अस्पताल के कोरोना वार्ड प्रभारी डॉ. अश्विन सोनगरा और उनकी टीम द्वारा अथक प्रयास से इनका इलाज किया गया एवं प्रतिदिन इन सभी का परीक्षण किया जा रहा था और सभी का स्वास्थ्य सामान्य पाये जाने पर आज इन्हें डिस्चार्ज किया गया। अमलतास अस्पताल के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा उनका स्वागत कर ताली बजा कर बिदाई दी गई। चिकित्सकों द्वारा मरीजों से सोशल डिस्टेंसिग का पालन करने और सभी परिचितों को कोविड जैसे लक्षण दिखाई देने या बीमार होने पर तुरंत डॉक्टर से सम्पर्क करने की सलाह दी। इस प्रकार आज दिनांक तक देवास जिले में कुल 27 पाजीटिव मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंच चुके है एवं मात्र 28 एक्टिव मरीज देवास जिले से मौजूद हैं।

