हाटपिपलिया विधानसभा के 1 हजार मंदिरों तक पहुंचेगी संस्था
हर मंदिर पर लहराएंगे भगवा ध्वज और लिखेंगे उद्घोष
देवास। अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर भव्य और दिव्य श्री राम मंदिर निर्माण का प्रारंभ होते ही श्री राम भक्तों में उल्लास है। इसी कड़ी में देवास की संस्था भगवा राज द्वारा मंदिरों में “श्री राम जय राम जय जय राम” का उद्घोष लिखवाया जा रहा है। इसके साथ ही संस्था द्वारा सभी मंदिरों में भगवा ध्वज भी फहराया जा रहा है। संस्था हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र के एक हजार मंदिरों में ध्वजारोहण और उद्घोष लिखवाने का काम इस एक माह में पूरा करेगी। संस्था प्रमुख महेश चौहान (सिंगावदा) ने बताया कि अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण प्रारंभ होने के साथ ही हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र के सभी मंदिरों में संस्था की टीम पहुंचने लगी है। पहले दो दिन में करीब 20 गांव के 30 से अधिक मंदिरों में संस्था के स्वयंसेवक पहुंचे और “श्री राम जय राम जय जय राम” का उद्घोष लिखवाया गया। यह मुहिम आगामी दिनों में हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र के सभी गांव में स्थित मंदिरों में पहुंचेगी। इसके साथ ही मंदिरों के संचालन में आने वाली विभिन्न परेशानियों को हल करने का प्रयास भी संस्था द्वारा किया जाएगा। इसके लिए संस्था के स्वयंसेवक मंदिर प्रमुखों से सतत संपर्क करेंगे। इस अनूठी मुहिम को लेकर महेश चौहान ने बताया कि मुहिम के जरिए प्रभु श्री राम का उद्घोष प्रत्येक मंदिर में लिखे जाने का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को धर्म के प्रति जागरूक करना है। आगामी दिनों में सभी मंदिर प्रमुखों से चर्चा कर नई रूपरेखा भी तय की जाएगी।
इन गांव में पहुंचे संस्था कार्यकर्ता
पहले दो दिन में संस्था सदस्य उज्जैन रोड क्षेत्र के विभिन्न गाओं में पहुंचे। इनमें नागुखेड़ी, भीमसी, लसुडिया क्षत्रधार, करनाखेड़ी, सिंगावदा, मुंगावदा, बांगर, बैरागढ़, बाड़ोली, देवर, अचलूखेड़ी, लोहारी, रूपाखेड़ी, बारोट पिपलिया, सिरोंज, पंच तालाब सहित हाट पिपलिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गाओं में संस्था के कार्यकर्ता पहुंचे।


