
देवास 05 जून 2020/ वर्तमान में कोरोना संक्रमण भी चल रहा है, जिसके चलते सोशल डिस्टेसिंग का पालन भी किया जा रहा है। जिले में विकास की धारा नहीं रूकनी चाहिए, जिले में जो भी विकास कार्य हो रहे हैं उन्हें शीघ्र सम्पन्न कराएं। उक्त निर्देश देवास-शाजापुर सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी ने आज जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में दिए। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थय मिशन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम, पेयजल कार्यक्रम, प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना, मध्याहं भोजन योजना, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण एवं शहरी) राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, सहित अन्य विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह राजपूत, विधायक खातेगांव श्री अशीष शर्मा, कलेक्टर डॉ. श्रीकान्त पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक श्रीमती कृष्णावेणी देसावतु, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती शीतला पटले, नगर निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान, जनपद पंचायत अध्यक्ष कन्नौद श्री ओम पटेल, जनपद पंचायत खातेगांव अध्यक्ष श्रीमती गुलाबबाई टाडा, देवास विधायक प्रतिनिधि श्री रवि जैन, बागली विधायक प्रतिनिधि श्री टिकेंद्र प्रताप सिंह, अन्य जनप्रतिनिधिगण व संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।
बैठक में सांसद श्री सोलंकी ने कहा कि वर्तमान में वैश्विक कोरोना महामारी से पूरी दुनिया लड़ाई लड़ रही है। इस महामारी से भारत भी इससे अछूता नहीं है। इस महामारी के संकट से हम शीघ्र ही निजात पा लेंगे। आज हमें चाहिए की प्रकृति को मानव द्वारा गलत दोहन किया जा रहा है, जिससे इस प्रकार की विकट स्थिति बन रही है। हम सब को मिलकर पर्यावरण का संरक्षण करना चाहिए। हमारा पर्यावरण स्वच्छ रहेगा तो पूरी दुनिया स्वच्छ, सुंदर हो जाएगी।
बैठक में सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी ने विभागवार समीक्षा की। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम अंतर्गत वितरण किए गए सामग्री की समीक्षा की गई। बताया गया कि माह मार्च, अप्रैल एवं मई में नियमित अग्रिम राशन का आवंटन एवं वितरण किया गया। इसके तहत जिले में 10 लाख 75 हजार 95 पात्र हितग्राहियों को तीन माह का गेहूं एवं चावल वितरित किया गया। इसके अलावा समग्र पोर्टल पर सत्यापित परंतु जिनकी पात्रता पर्ची प्राप्त नहीं हुई है ऐसे पात्र हितग्राहियों के लिए शासन द्वारा माह अप्रैल 2020 हेतु एक माह का (कोविड-19) खाद्यान्न वितरित किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण कार्यक्रम अंतर्गत माह अप्रैल एवं मई 2020 के लिए जिले के सभी पात्र हितग्राहियों के लिए 02 माह का नि:शुल्क चावल वितरित किया गया।
बैठक में विधायक खातेगांव श्री आशीष शर्मा ने खातेगांव-कन्नौद क्षेत्र में विद्युत ट्रांसफॉर्मर पर विद्युत लोड अत्यधिक है, जिससे विद्युत सप्लाई बार-बार प्रभावित होती है। क्षेत्र में आवश्यकतानुसार विद्युत ट्रांसफॉर्मर लगावाया जाएं। जिससे विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से चल सके। इस पर सांसद श्री सोलंकी ने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्युत ट्रांसफॉर्मर संबंधी की समस्या का तुरंत निराकरण किया जाएं। सांसद श्री सोलंकी ने दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिले के 728 ग्रामों में सघन विद्युतीकरण का कार्य किया गया है। जिले के 986 ग्रामों में केबलीकरण का कार्य किया गया। ग्रामों में निवासरत 32500 हितग्राहियों को नवीन विद्युत कनेक्शन प्रदान किए गए। जिले में कुल 731 नवीन वितरण ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए गए तथा 92 नंबर ट्रांसफॉर्मर की क्षमता वृद्धि का कार्य भी किया गया।
बैठक में विधायक खातेगांव श्री आशीष शर्मा ने बताया कि देवास जिला किसान बाहुल्य हैं तथा आगामी दिनों में खरीफ की फसलों की बोवनी प्रारंभ होने वाली है। किसानों को बोवनी के लिए प्रमाणित एवं गुणवत्तापूर्ण बीज की आवश्यकता है। उन्हें उपलब्ध कराया जाएं। इस पर सांसद श्री सोलंकी ने निर्देश दिए कि बोआई के लिए उच्च किस्म के बीज उपलब्ध कराया जाएं। विधायक श्री शर्मा ने पिछली फसल की नुकसान राशि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत आंकलन कर बीमा लाभ दिलाने की बात भी कही।
03 लाख 75 हजार मैट्रिक टन गेहूं खरीदा गया
बैठक में कलेक्टर डॉ. श्रीकान्त पाण्डेय ने बताया कि वर्तमान में कोराना संक्रमण से लड़ाई जारी। इस लड़ाई में हमारे कोरोना योद्धा दिनरात लड़ाई लड़ रहे है। उन्होंने बताया कि कोरेाना संक्रमण के दौरान लॉकडाउन भी लगाया गया था, इसी बीच किसानों से गेहूं उपार्जन का कार्य भी प्रारंभ किया। इस बार 3 लाख 75 हजार मैट्रिक टन गेहूं उपार्जन किया गया है। जिसमें लगभग 550 करोड़ रुपए की राशि किसानों के खाते में अंतरित की गई। उन्होंने बताया कि गत वर्ष किसानों से 75 हजार मैट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया गया था। इस बार पांच गुना अधिक है। उन्होंने बताया कि गेहूं उपार्जन के दौरान सोशल डिस्टेसिंग का पालन भी किया गया।
बैठक में नलजल योजना की समीक्षा
बैठक में सांसद श्री सोलंकी ने नलजल योजना की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में 320 नलजल योजनाएं स्थापित हैं इनमें से 305 योजनाएं चालू स्थिति में हैं। जीर्ण शीर्ण होने के कारण 15 योजनाएं बंद हैं, जिनकी प्रशासकीय स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भोपाल स्तर पर भिजवाये जा चुके हैं। जिले में 9008 हेण्डपम्पों में से 8387 हेण्डपम्प चालू स्थिति में हैं, 621 हेण्डपम्प बंद है जिसमें 591 जल स्तर कम होने के कारण बंद है तथा 30 साधारण खराबी के कारण बंद हैं। सांसद श्री सोलंकी ने बंद हेण्डपम्पों को शीघ्र चालू करवाने के निर्देश दिये।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत फसल बीमा खरीफ 2018 के तहत 75482 कृषकों को दावा राशि 1400985824 रुपए का भुगतान किया गया। बैठक में मध्यान्ह भोजन योजना की समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि मध्यान्ह भोजन योजना अंतर्गत कोविड-19 अंतर्गत मध्यान्ह भोजन योजनान्तर्गत शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में अध्ययनरत सभी बच्चों को खाद्यान्न का वितरण स्व सहायता समूहों द्वारा उनके घर जाकर तथा खाद्य सुरक्षा भत्ते की राशि उनके पालकों को बैंक खातों में सीधे राज्य स्तर से प्रदान की गई है। बताया गया कि जिले में 2076 स्कूलों में 736.21 मीट्रिक टन खाद्यान्न का वितरण किया गया। जिले में योजनान्तर्गत प्राप्त 1928 किचन शेडों में 1744 किचन शेड पूर्ण किए गए हैं। शेष कार्य प्रगति पर है। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में संचालित शासकीय प्राथमिक शालाओं में 1049, माध्यमिक शालाओं में 189 तथा 422 स्व सहायता समूह प्राथमिक तथा माध्यकि दोनों शालाओं में योजना से संबद्ध किए गए हैं।
नगरीय निकायों में डोर-टू-डोर कचरा वाहन से कचरा एकत्रित किया जा रहा है
स्वच्छ भारत मिशन अभियान की समीक्षा में संबंधित अधिकारियों ने बताया कि नगर परिषद कांटाफोड़ के कचरा मुक्त स्टार रेटिंग में 03 स्टार रेटिंग घोषित किया गया है, जो कि उज्जैन संभाग में एक मात्र निकाय है। यह भी बताया गया कि जिले की 02 नगर परिषद लोहारदा एवं कन्नौद ओडीएफ, 06 नगर परिषद टोंकखुर्द, भौंरासा, करनावद, हाटपीपल्या, पीपलरावां व सतवास ओडीएफ-ओडीएफ प्लस (+) एवं 05 नगर परिषद बागली, कांटाफोड़, सोनकच्छ, खातेगांव वे नेमावर ओडीएफ डबल प्लस(++) घोषित किए गए है। जिले की 13 नगरीय निकायों में कचरा वाहनों से डोर-टू-डोर कचरा एकत्रित किया जा रहा है। जिले के नगरीय निकायों में 207 कचरे के डिब्बे सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए हैं। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की जानकारी ली गई। बताया गया कि जिले की देवास,बागली, कन्नौद, खातेगांव, सोनकच्छ और टोंकखुर्द जनपद पंचायतों में 11165 शौचालय निर्माणक लक्ष्य दिया गया था, जिसमें 10798 का कार्य पूर्ण हो चुके हैं। शेष का कार्य प्रगति पर है।
राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत पेंशनर्स हुए लाभांवित
बैठक में सांसद श्री सोलंकी ने राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि मार्च माह 2020 में 92451 पेंशनर्सरों को 5 करोड़ 54 लाख 70 हजार 600 रुपए की राशि प्रदान की गई। वहीं माह अप्रैल 2020 में 92667 पेंशनरों को 5 करोड़ 55 लाख 99 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई। अभी तक राष्ट्रीय परिवार सहायता अंतर्गत् 259 हितग्राहियों को 51.8 लाख रुपए की राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना अंतर्गत अभी तक कुल मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना 674, मुख्यमंत्री निकाह योजना में 307 तथा मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह योजना में 3 हितग्राहियों ने लाभ उठाया। इसके अलावा अन्य विभागों की समीक्षा की गई तथा निर्देश दिए कि जो भी कार्य किए जा रहे हैं उन्हें समय सीमा में पूर्ण किया जाएं। बैठक में विधायक प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव रखे।
विश्व पर्यावरण के दिवस पर पौधारोपण किया
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण का जीवन में महत्व बताते हुए सभी से पर्यावरण संरक्षण की अपील की गई। इस दौरान दिशा समिति की बैठक में सांसद श्री महेंद्र सिंह सालंकी व जिला पंचायत अध्यक्ष नरेंद्रसिंह राजपूत ने पौधारोपण भी किया।

