देवास। कोविड 19 कोरोना वायरस जैसी वैश्विक महामारी से जहां पूरा विश्व आर्थिक एवं अन्य समस्याओं से जुझ रहा है। उक्त समस्याओं को दृष्टिगत रखते हुए अशासकीय शिक्षण संस्था संचालक संघ देवास द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन वशिष्ठ गुरूकुल हायर सेकेेण्डरी स्कूल आवास नगर में किया गया। जिसमें नगर के अशासकीय विद्यालयों के संचालकों ने भाग लिया। बैठक संघ अध्यक्ष राजेश खत्री, सचिव दिनेश मिश्रा, उपाध्यक्ष सै. मकसूद अली, कोषाध्यक्ष सुरेश चव्हाण द्वारा विभिन्न मुद्दो पर चर्चा हेतु आयोजित की गई। बैठक में प्रमुख रूप से पालकों को फीस में राहत देने पर चर्चा हुई। जैसा की विदित है। कोरोना के कारण हर वर्ग की आर्थिक स्थिति पर प्रभाव पड़ा है और अशासकीय विद्यालय भी इससे अछुते नही है। अशासकीय विद्यालयों की आर्थिक स्थिति भी ठीक नही है। फिर भी बैठक में सर्वानुमति से निर्णय लिया गया कि पालकों को फीस में राहत दी जाए।
चर्चा उपरांत सर्वानुमति से प्रस्ताव पारित किया गया कि अशासकीय शिक्षण संस्था संचालक संघ से संबंधित सभी विद्यालय अपने पूर्व निर्धारित शुल्क एवं विद्यालयों से जुड़े हुए खर्चो को दृष्टिगत रखते हुए पालकों को शैक्षणिक सत्र 2020-21 में शिक्षण शुल्क में छूट प्रदान करेंगे। संस्थाओं द्वारा दी जाने वाली इस छूट का फायदा समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलेगा। विशेषकर आर्थिक मंदी झेल रहे मध्यमवर्गीय परिवारों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी। संगठन के सभी विद्यालयों द्वारा छूट प्रदान की जाने वाली राशि की गणना की जाए तो अनुमानित राशि करोड़ों रूपयों में होगी। संगठन की ओर से अनुरोध किया गया है कि आगामी 7 दिवस में सभी विद्यालय पालकों को फीस में दी जाने वाली राहत की सूचना पहुंचा दे।

