– गायत्री परिवार द्वारा जेलों में स्थापित किए गए गायत्री मंत्र बॉक्स
देवास। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में गायत्री परिवार शाखा बुधनी द्वारा विभिन्न केंद्रीय एवं उपजेलों में गायत्री मंत्र बॉक्स स्थापित किए जा रहे है। इसी क्रम में जिला जेल देवास में भी गायत्री मंत्र बॉक्स स्थापित किए गए। साथ ही कैदी भाईयों को गायत्री मंत्र लेखन एवं साहित्य भेंट किए गए। गायत्री शक्तिपीठ के मीडिया प्रभारी विक्रमसिंह चौधरी ने बताया कि गायत्री परिवार के वरिष्ठ परिजनों द्वारा कैदी भाईयों को गायत्री मंत्र के बारे में सारगर्भित उदबोधन दिया गया। देवास के जिला समन्वयक रमेशचन्द्र मोदी ने कहा कि अखिल विश्व गायत्री परिवार की पहल पर जेलों का वातावरण शुद्ध, सात्विक एवं आध्यात्मिक बनाने हेतु जेलों में गायत्री मंत्र गूंजेगा। जेलों में गायत्री मंत्र की गुंजन से कैदियों की बुद्धि, विचार एवं भावनाओं में परिवर्तन होगा, जिससे वह दुष्प्रवृत्तियों से छूटकर सत्प्रतियों को अपनाएंगे और सत्प्रवृत्तियां को अपनाकर अपना आगे का जीवन सुखी एवं मंगलमय बनाएंगे। आयोजन में गायत्री परिवार की बहन कंचन कंथेरिया ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उप जेल अधीक्षक जे.आर. मंडलोई, मुख्य प्रहरी दशरथ सिंह, प्रहरीगण सोमदत्त शर्मा, संतोष बडोनिया, शोभा श्रीवास्तव व अन्य स्टाफ उपस्थित था।

