देवार्थ अवार्ड्स से सम्मानित हुए देवास के युवा इतिहासविद अमित राव पवार
देवास। समाज में निस्वार्थ भाव से कार्य कर सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने हेतु आयोजित देवार्थ सम्मान समारोह 24 मार्च मंगलवार, इंदौर स्थित एडवांस् एकैडमी स्कूल परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस समारोह में मध्य प्रदेश के विभिन्न शहरों से चयनित प्रतिभाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में देवास के युवा इतिहासविद, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर एवं सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता अमित राव पवार को उनके द्वारा समाज में किए जा रहे उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायक कार्यों के लिए देवार्थ अवार्ड से सम्मानित किया गया। विशेष बात यह रही कि देवास जिले से इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित होने वाले वे एकमात्र प्रतिनिधि रहे, जिससे जिले का गौरव भी बढ़ा है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल राहुल भोरास्कर एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रिंसिपल श्रीमति टिम्सी राय व अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही, जिन्होंने देवार्थ अवार्ड्स की गरिमा और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सम्मान उन व्यक्तियों को समर्पित है, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज
सेवा, शिक्षा, स्वच्छता, जागरूकता और मानवता के क्षेत्र में सतत कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की पहचान और सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है तथा अन्य लोगों को भी प्रेरित करता है। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में सेवा, करुणा और सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज में वास्तविक परिवर्तन तभी संभव है जब हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए योगदान दे। देवार्थ सम्मान समारोह इसी सोच को आगे बढ़ाने का एक सशक्त मंच है।
सम्मान प्राप्त करने के पश्चात पवार ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि देवार्थ अवार्ड्स उन अनसुने नायकों को समर्पित है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में रहकर समाज को बेहतर बनाने का कार्य कर रहे हैं, चाहे वह शिक्षक हों, डॉक्टर, उद्यमी, गृहिणी,
लेखक, कलाकार या कोई भी कर्मयोगी। उन्होंने आगे कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक ऊर्जा एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं देवास में भी उनके मित्रों, शुभचिंतकों और समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की जा रही हैं।



