अंतरराज्यीय डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश

अंतरराज्यीय डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश

ऑपरेशन त्रिनेत्रम के सीसीटीवी से मिली सफलता, 3 आरोपी गिरफ्तार, 2 कारें जब्त

देवास के औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय डीजल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो कारें भी जब्त की हैं। यह कार्रवाई ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से संभव हो सकी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 25.03.2026 को फरियादी शैलेन्द्र सिंह पिता शिवराज सिंह भदौरिया निवासी क्षिप्रा जिला देवास ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 3 बजे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनके डंपर क्रमांक एमपी 09 एचएच 2736 और कंटेनर क्रमांक एमपी 13 जेडडब्ल्यू 5189 से करीब 450 लीटर डीजल चोरी कर लिया गया है। इस पर थाना औद्योगिक क्षेत्र देवास में अपराध क्रमांक 259/2026 धारा 303 (2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीरसिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस ने डिजिटल ट्रेल के आधार पर उसका पीछा करते हुए ग्राम दुपाड़ा जिला शाजापुर में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में क्रिश मालवीय पिता होकम सिंह मालवीय उम्र 18 वर्ष, आबिद मेव उर्फ आबिद खां उर्फ अल्लू पिता उमर खां उम्र 27 वर्ष और अनिल चावरे उर्फ अन्ना पिता बाबूलाल चावरे उम्र 41 वर्ष शामिल हैं, जो सभी ग्राम दुपाड़ा तहसील मोहन बढ़ोदिया थाना लाल घाटी जिला शाजापुर के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक एमपी 09 सीई 3741 और एमपी 09 सीई 6339 जब्त की हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे रात के समय अपने गांव से निकलकर उज्जैन, देवास, इंदौर, पीथमपुर और धार क्षेत्रों में डीजल चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। संदेह से बचने के लिए आरोपी लग्जरी कारों का उपयोग करते थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अनिल चावरे के खिलाफ 20, क्रिश मालवीय के खिलाफ 4 और आबिद मेव के खिलाफ 3 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया, प्रधान आरक्षक मोहनलाल वसुनिया, शैलेन्द्र राणा, आरक्षक अजय जाट, नरेन्द्र सिरसाम, अर्पित जायसवाल और लक्ष्मीकांत शर्मा की सराहनीय भूमिका रही।

Post Author: Vijendra Upadhyay