ऑपरेशन त्रिनेत्रम से खुली दो चोरियों की गुत्थी, 4 आरोपी गिरफ्तार

ऑपरेशन त्रिनेत्रम से खुली दो चोरियों की गुत्थी, 4 आरोपी गिरफ्तार

देवास। थाना कोतवाली क्षेत्र में हुई दो चोरियों का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो महिला आरोपियों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12.50 लाख रुपये का चोरी गया मश्रुका बरामद किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी महिलाएं कार में बैठकर पहले सूने मकानों की रैकी करती थीं, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। 29 मई को सिविल लाइन निवासी आदेश कुमार उइके के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर डायमंड मंगलसूत्र, डायमंड ईयरिंग, घड़ियां और नकदी चोरी कर ले गए थे। वहीं 31 मई को कर्मचारी कॉलोनी निवासी वसीम शेख के मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, लैपटॉप और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। दोनों मामलों में कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी फुटेज से पहुंचे आरोपियों तक

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में गठित टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज में आरोपी चोरी के बाद ईयोन कार क्रमांक एमपी 09 सीएल 2044 से भागते दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर जयंत, आकाश उर्फ शूटर, चेतना सोलंकी पति अल्तमस खान और चिंकी उर्फ प्रिया को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उन्होंने दोनों चोरियां करना स्वीकार कर लिया।

12.50 लाख का मश्रुका बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, हीरे का मंगलसूत्र, हीरे की बालियां, एक आसुस लैपटॉप, घड़ियां और 22 हजार रुपये नकद सहित कुल 12.50 लाख रुपये का मश्रुका बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त ईयोन कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार आरोपी जयंत मीणा के खिलाफ चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं आकाश उर्फ शूटर पर आबकारी एक्ट, आर्म्स एक्ट, मारपीट, लूट और चोरी सहित 15 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाए गए हैं।

सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक सचिन सोनगरा, उपनिरीक्षक दीपक मालवीय, सहायक उपनिरीक्षक एच.एस. गोदार सहित कोतवाली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post Author: Vijendra Upadhyay