भारत विकास परिषद देवास एवं भौंरासा शाखा का संयुक्त गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम संपन्न

भारत विकास परिषद देवास एवं भौंरासा शाखा का संयुक्त गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम संपन्न

16 शिक्षकों का तिलक एवं श्रीफल भेंट कर किया सम्मान

11 मेधावी विद्यार्थियों को मेडल प्रदान कर किया अभिनंदन

देवास। भारत विकास परिषद की देवास शाखा एवं नवगठित भौंरासा शाखा के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय संस्कृति की गुरु-शिष्य परंपरा को सुदृढ़ करने एवं विद्यार्थियों में संस्कारों के विकास के उद्देश्य से गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, भौंरासा में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र चौधरी एवं भौंरासा शाखा अध्यक्ष किशोर वर्मा एवं कन्हैयालाल खाटवा ने किया।

कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए विद्यालय के प्राचार्य सहित 16 शिक्षकों का विद्यार्थियों द्वारा तिलक लगाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद भी प्राप्त किया। इस अवसर पर शिक्षा, कला एवं खेलकूद के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों गोलू आंवलादिया, सुमित लोधी, यश भाटिया, श्लोक लोधी, अरुण सोलंकी, नरेंद्र यादव, निकुंज चौधरी, जीशान मेव, अनिकेत कुंभकार, आर्यन भाटी एवं राजपाल कराड़ा को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. कीर्ति चौहान ने गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन प्रकल्प की जानकारी देते हुए कहा कि गुरुओं का सम्मान करना एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपरा है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन एवं गुरुजनों के प्रति आदर की भावना विकसित करते हैं। भौंरासा शाखा अध्यक्ष किशोर वर्मा ने कहा कि गुरु समाज का निर्माता होता है और शिष्य समाज का भविष्य। गुरु के मार्गदर्शन से ही एक संस्कारित एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। परिषद के सचिव हेमंत वर्मा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद का यह प्रकल्प विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना जागृत करने के साथ उन्हें एक आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा प्रदान करता है। उल्लेखनीय है कि देवास शाखा एवं प्रांतीय शाखा विस्तारक नवीन नाहर के प्रयासों से भौंरासा में भारत विकास परिषद की नवीन शाखा का गठन हुआ है। इस संयुक्त आयोजन के माध्यम से परिषद ने क्षेत्र में अपने सेवा एवं संस्कार संबंधी प्रकल्पों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की। कार्यक्रम में परिषद के सदस्य विशाल गोयल, राजेंद्र विजयवर्गीय, गोपाल पंडित, सुषमा पंडित, अरविंद त्यागी, अंजना त्यागी, मीना वर्मा एवं अनिल कुमार तिवारी सहित विद्यालय परिवार एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में भारत विकास परिषद देवास के राष्ट्रीय समूहगान संयोजक अजय पंडित ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post Author: Vijendra Upadhyay