लघु उद्योग भारती महिला इकाई के स्वयंसिद्धा 3.0 दीपावली मेले का हुआ समापन
महू विधायक ऊषा ठाकुर ने महिला उद्यमियों के प्रोत्साहन के लिए किए गए आयोजन की सराहना की
देवास। लघु उद्योग भारती, देवास महिला इकाई द्वारा आयोजित स्वयंसिद्धा 3.0 दीपावली मेले का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। मेले में महिला उद्यमियों द्वारा विभिन्न प्रकार के स्वदेशी उत्पादों, हस्तशिल्प एवं आकर्षक दीपावली सामग्री के स्टॉल लगाए गए। इस आयोजन के माध्यम से महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विपणन के लिए एक मंच मिला।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में महू विधायक सुश्री ऊषा ठाकुर दीदी उपस्थित रहीं। साथ ही संस्कार अस्पताल के डॉ. देवेंद्र राठौर एवं स्वदेशी जागरण मंच के डॉ. विशाल पुरोहित विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सुश्री ऊषा ठाकुर ने महिला इकाई की इस पहल की प्रशंसा करते हुए महिला उद्यमियों के लिए इस प्रकार का आयोजन करने पर इकाई के पदाधिकारियों को साधुवाद दिया। उन्होंने महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा महिलाओं को अपने उत्पादों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास को सराहनीय बताया।
मेले में महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, उनके व्यावसायिक कौशल को प्रोत्साहित करना तथा स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना रहा।
इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष समीर मूंदड़ा, प्रांत सह सचिव प्रतीक गुप्ता, देवास इकाई सचिव विजेंद्र उपाध्याय, महिला इकाई कोषाध्यक्ष प्रीती सिंगी, सारिका मुकाती एवं स्वाति मूंदड़ा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण महिला इकाई अध्यक्ष रचना ने दिया। कार्यक्रम का संचालन मोनिका शर्मा ने किया तथा आभार इकाई सचिव किंशु गुप्ता ने माना।
उक्त जानकारी मेला संयोजिका राधिका मूंदड़ा ने दी।
स्वयंसिद्धा 3.0 दीपावली मेले ने महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के साथ ही स्वदेशी अपनाने और स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा देने का संदेश दिया।


