देवास 07 जनवरी 2020/ मुख्यमंत्री गौसेवा योजना अन्तर्गत जिला स्तरीय गौशाला परियोजना समिति की बैठक मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। बैठक में विधायक हाटपीपल्या मनोज चौधरी, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं ओपी त्रिपाठी, जिले की विभिन्न गौशालाओं के संचालकगण/सदस्यगण तथा विभिंन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिले में 30 निर्माणाधीन गौशालाओं पंजीयन के प्रस्ताव का अनुमोदन तथा पंजीकृत गौशालाओं के लिए भूसे की दर का अनुमोदन किया गया। इसके अलावा जिले की पंजीकृत गौशालाओं में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भिजवाने का अनुमोदन भी किया गया। बैठक में गौशालाओं में वृक्षारोपण एवं चारागाह विकास के लिए वन समितियों के सहयोग पर चर्चा, निर्माणाधीन गौशालाओं की प्रगति पर चर्चा, गौशालाओं में नलकूप खनन एवं विद्युतीकरण पर चर्चा, चारागाह विकास से ली जाने वाली चारे की किस्म पर चर्चा, नवनिर्मित गौशालाओं के संचालन हेतु स्वसहायता समूह के गठन एवं प्रशिक्षण तथा वर्ष 2020-21 के लिए जिले को आवंटित लक्ष्य 90 गौशालाओं के स्थल चयन पर चर्चा की गई।
बैठक में गौशाला संचालकों ने गौशालाओं रखे गये पशुओं के उपचार के लिए चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति एवं आवश्यक दवाईयां उपलब्ध कराने तथा गौशालाओं में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही। इस पर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती पटले ने उप संचालक पशु चिकित्सा को चिकित्सकों की उपस्थिति एवं दवाईयां उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।

