
देवास। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में एबीवीपी के प्रकल्प एसएफडी जिला देवास द्वारा प्रकृति को नमन करने एवं पेड़ों के प्रति सामाजिक चेतना को और अधिक बल देने के उद्देश्य से पेड़ पूजन अभियान चलाया गया।
एबीवीपी के जिला एसएफडी प्रमुख मयंक पाठक ने बताया कि प्रकृति से हम सभी भारतवासियों का आदि अनादिकाल से सृजनात्मक एवं रचनात्मक रूप से गहरा नाता रहा है। पेड़ हमारे जीवन का अमूल्य हिस्सा है। जिनके बिना मानव जीवन की यात्रा संभव नहीं हो सकती है। पेड़ विभिन्न प्रकार से हमें फायदा पहुंचाते रहते हैं एवं साथ ही ऐसे कई त्योहार भी होते हैं। जिनमें नीम, पीपल, बरगद, तुलसी आदि पेड़ों के पूजन के माध्यम से महिलाएं अपने परिवार के कल्याण के लिए परमपिता परमात्मा से कामना करती है। विश्व पर्यावरण दिवस पर ही वट सावित्री पूर्णिमा पर्व भी रहा। जिससे पेड़ों की सांस्कृतिक महत्ता समाज में स्पष्ट रूप से देखी जा सकी। उसी कड़ी में एबीवीपी के प्रकल्प एसएफडी के माध्यम से पेड़ पूजन अभियान चलाया गया। जिसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थाओं, बड़े बुजुर्गों, छोटे बच्चों एवं युवा साथियों ने अपने घरों के आसपास उपस्थित पेड़ का अपने अनुसार पूजन कर विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रकृति को नमन किया।
साथ ही आगामी वर्षा ऋतु में पौधारोपण की भावना को और अधिक बढ़ावा मिले एवं पेड़ों के प्रति सामाजिक चेतना में वृद्धि हो सके। इस संदेश को सोशल मीडिया के माध्यम से भी समाज में प्रेषित किया। उक्त जानकारी नगर मंत्री सावन कौशल ने दी।

