
देवास। 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस व शिखर लोक कल्याण एवं सामाजिक समिति के 9 वे स्थापना दिवस के अवसर पर किया पौधा रोपण किया गया। साथ ही हर घर अमृता गिलोय महाअभियान की शुरुआत 100 गिलोय वितरण कर की गई। 5 जून से 20 जुलाई हरियाली अमावस्या तक देवास शहर एवं ग्रामीण अंचल में 5000 गिलोय कटिंग का रोपण व वितरण किया जावेगा। संस्था संयोजक एवं भाजयुमो उपाध्यक्ष भरत व्यास ने बताया कि पर्यावरण दिवस एवं संस्था के 9 वे स्थापना दिवस पर महापौर सुभाष शर्मा, ओम जोशी के मुख्य आतिथ्य में , जन अभियान परिषद के जिला समन्वय देवेन्द्र शर्मा,ब्लाक समन्वय मोहन सिंह परिहार, भाजपा मण्डल अध्यक्ष सचिन जोशी के विशेष आतिथ्य में जयश्री नगर के बगीचे में पौधा रोपण के साथ हर घर अमृता (गिलोय)महाअभियान का शुभारंभ किया गया। श्री व्यास ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गिलोय की उपयोगिता के बारे में सभी लोगों जानकारी प्रदान कर अधिक से अधिक घरों में गिलोय के पौधे लगवाना है वर्तमान परिदृश्य में कोरोना वायरस के इस संक्रमण काल में हर व्यक्ति को अपना इम्यूनिटी पावर (रोगप्रतिरोधक क्षमता) बढ़ाने की बहुत आवश्यकता हुई। इम्यूनिटी पावर बढ़ाने में गिलोय का काढ़ा बहुत ही असर कारक सिद्ध हो रहा है,बाजार में इम्यूनिटी पावर बढ़ाने वाले उत्पादों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है,इम्यूनिटी पावर बढ़ाने वाले लगभग सभी तरह के उत्पादों में गिलोय का उपयोग किया जाता है,ऐसे में अगर हर घर में यदि गिलोय का पौधा लगा होगा तो यह पौधा घर की सुंदरता तो बढ़ाएगा ही साथ ही आप अपने परिवार को इस के काढ़े का सेवन करा कर अपने परिवार के सदस्यों का इम्यूनिटी पावर बढ़ा सकते हैं। गिलोय की उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए विश्व पर्यावरण दिवस पर संस्था इस महाअभियान की शुरुआत कर रही है। इस अवसर पर संस्था के अभिषेक शर्मा,कपिल व्यास,रवि पटेल,सोनू चावड़ा,सहित कई रहवासी उपस्थित थे। उक्त जानकारी संस्था के संदीप शर्मा द्वारा दी गई।

