केन्द्रीय मंत्री से विधायक ने की मुलाकात, शहर को मिली सौगातें

चार निर्माण कार्यों की मिली स्वीकृति, उज्जैन रोड़ होगा फोरलेन
देवास। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी गत दिवस इंदौर आए थे, उनसे विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार ने मुलाकात कर शहर के विकास कार्य के लिए चर्चा की थी। विधायक ने श्री गडकरी जी से उज्जैन चौराहे से लेकर नागूखेड़ी चौराहे तक फोरलेन व मार्ग सौंदर्यीकरण किए जाने की मांग कि थी। विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार के आग्रह पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शहर को नई सौगातें देते हुए उज्जैन रोड चौराहे से नागुखेड़ी तक फोरलेन मार्ग व जो ब्रिज बनाया गया है उसे भी फोरलेन कर निर्माण कार्य की स्वीकृति दी है। जिसमें उज्जैन चौराहे से देवास बायपास (रेलवे ओवर ब्रिज क्रासिंग क्रं. 29 सहित) तक फोरलेन सीसी रोड़ जिसकी लंबाई 4.2 किमी है। जिसकी अनुमानित लागत 111.90 करोड़ है। विधायक ने बताया कि देवास में मप्र का पहला बस पोर्ट की मंजूरी दी है। जिसकी अनुमानित लागत 59.05 करोड़ है। विधायक ने बताया कि यह अत्याधुनिक बस पोर्ट होगा जो नेशनल हाइवे पर बन सकेगा। साथ ही उज्जैन बायपास से विजयागंज मंडी रोड़ को फोरलेन किया जाएगा। उन्होनें बताया कि उज्जैन-देवास बायपास से विजयागंज मंडी (रेलवे ओवर ब्रिज सहित) तक फोरलेन सीसी रोड़ का निर्माण होगा जिसकी लंबाई 31.20 है। इस कार्य की अनुमानित लागत 327.66 करोड़ है।  इसके साथ ही इंदौर रोड़ रसूलपुर चौराहे पर फ्लाई ओवर ब्रिज के निर्माण की स्वीकृति भी मिल गई है। इसका निर्माण रसूलपुर चौराहे पर होगा जिसकी लंबाई 550.00 मीटर होगी। इसकी अनुमानित लागत 43.74 करोड़ है। उन्होनें बताया कि रसूलपुर चौराहे पर दुर्घटनाएं अधिक होती है यहां पर ब्रिज निर्माण होने से घटनाएं नहीं होगी साथ ही मार्ग भी सुगम होगा।

Post Author: Vijendra Upadhyay