देवास में जल संसाधन मंत्री  सिलावट के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ सामूहिक योग कार्यक्रम

————

नियमित रूप से योग करने पर शरीर में ऊर्जा का संचार होगा – जल संसाधन मंत्री  सिलावट

————-

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण, सामाजिक संगठनों, स्‍कूली बच्‍चों और नागरिकों ने किया सामूहिक योगाभ्‍यास

————

देवास जिले में चलाये जा रहे “अमृत संचय अभियान” के लिए जल संसाधन मंत्री  सिलावट ने दी बधाई

————

जिले के विकासखण्‍डों में भी मनाया गया योग दिवस, सामूहिक योगाभ्‍यास का हुआ आयोजन

————-

देवास, 21 जून 2024/ दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को जिला मुख्यालय देवास सहित सम्पूर्ण जिले में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए गये। देवास में जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम प्रदेश के जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में कैलादेवी फ्लाय ओवर ब्रिज पर आयोजित हुआ। जिसमें जनप्रतिनिधिगण, अधिकारिगण, सामाजिक संगठनों, विभिन्न प्रशिक्षण संस्थान, स्वयंसेवी संस्थाएं तथा छात्र-छात्राओं द्वारा एक साथ योग किया गया।

जिला स्‍तरीय कार्यक्रम में योग गुरू श्री राजेश बैरागी ने मंच पर योग का प्रदर्शन किया। उनके साथ-साथ उपस्थित अतिथियों एवं अन्य लोगों ने योग के लिए हाथ उठाए। योग का प्रारंभ प्रार्थना के साथ हुआ। इस दौरान सांसद  महेन्‍द्र सिंह सोलंकी, महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल, नगर निगम सभापति  रवि जैन, राजीव खण्‍डेलवाल,  दुर्गेश अग्रवाल, राजेश यादव, भैरूलाल अटारिया, नरेन्‍द्र सिंह राजपूत सहित अन्‍य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्‍टर  ऋषव गुप्‍ता, पुलिस अधीक्षक  संपत उपाध्‍याय, सीईओ जिला पंचायत  हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्‍टर  प्रवीण फुलपगारे सहित अन्‍य जिलाधिकारी/कर्मचारी, सामाजिक संगठन, पत्रकार, स्‍कूली बच्‍चे एवं शहर के गणमान्‍य नागरिक उपस्थिति थे। जिला स्‍तरीय कार्यक्रम में राज्‍यस्‍तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया।

जिला स्‍तरीय कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री  सिलावट ने कहा कि हम सब आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एकत्रित हुए है। उन्‍होंने कहा कि स्‍वस्‍थ रहने के लिए रोजाना योग करें। संस्‍कृति, आस्‍था, लक्ष्‍य, संकल्‍प को योग पुरा कर सकता है। यदि आप नियमित रूप से योग करते हैं तो शरीर में ऊर्जा का संचार होगा। योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ बनाता है, क्योंकि यह हमें रोगों से लड़ने की शक्ति देता है।

जल संसाधन मंत्री  सिलावट ने कहा कि आज श्रीअन्न संवर्धन अभियान का शुभारंभ हो रहा है। हमार देश संस्‍कृति और आस्‍था का देश है। हम सब स्‍वस्‍थ रहने का संकल्‍प ले और योग करें। देवास जिले में बरसात के पानी के संचय के लिए चलाये जा रहे “अमृत संचय अभियान” के लिए जल संसाधन मंत्री  सिलावट ने बधाई दी। उन्‍होंने कहा कि बरसात के पानी को सहजने के लिए जिले में अच्छा कार्य किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने इंडस्‍ट्रीयल पार्क में पौधारोपण भी किया।

जिला स्‍तरीय कार्यक्रम में बताया कि योग मन की शांति, बुद्धि एवं शरीर के लिये और सकारात्मक ऊर्जा के लिये आवश्यक है। हमारे जीवन में इसकी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका हैं। हमें नियमित रूप से प्रतिदिन योग करना चाहिए। योग मन व चित्त की एकाग्रता को बढ़ाता है तथा शरीर को स्वस्थ, निरोगी तथा हमें दीर्घायु बनाता है।    योग करने के कई फायदे हैं। योग हमारे शरीर के साथ-साथ दिमाग को भी स्वस्थ बनाता है। योग जीवन जीने की कला सिखाता है।

योग न केवल हमारे शरीर की मांसपेशियों को अच्छा व्यायाम करता है, बल्कि यह हमारे दिमाग को शांत रखने में भी मदद करता है। चिकित्सा अनुसंधान से पता चला है कि योग शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करता है। योग तनाव से राहत देता है और बेहतर नींद लाता है, भूख और पाचन को बढ़ाता है। योग दिमाग को हमेशा शांत रखता है। यदि योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करते हैं तो तनाव मुक्त जीवन जी सकते हैं। जब हम योग करते हैं तो मांसपेशियों में खिंचाव, मरोड़, मरोड़ और खिंचाव जैसी कई क्रियाएं होती हैं। इससे हमारे शरीर की थकान दूर होती है और हम हमेशा तरोताजा महसूस करते हैं।

Post Author: Vijendra Upadhyay