सेन थॉम एकेडमी को सीबीएसई से गणित प्रोत्साहन स्कूल की मान्यता मिली
देवास। भोपाल रोड पर स्थित सेन थॉम एकेडमी ने एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा स्कूल को गणित प्रोत्साहन स्कूल घोषित किया गया है। स्कूल को यह योग्यता प्रमाण पत्र आर्यभट्ट गणित चैलेंज 2025 के पहले चरण में छात्रों की उत्साहजनक भागीदारी और दूसरे चरण में सक्रिय सहभागिता के सम्मान में दिया गया है। इससे पहले, इसी साल फरवरी में, कक्षा 8 वीं के छात्र अर्णव मंडलोई ने आर्यभट्ट गणित चैलेंज में भोपाल क्षेत्र के शीर्ष 100 छात्रों में जगह बनाकर स्कूल का नाम रोशन किया था। उनकी इस उपलब्धि ने एक मिसाल कायम की और संस्थान के छात्रों में बढ़ती गणितीय अभिरुचि को प्रदर्शित किया। बता दें कि आर्यभट्ट गणित चैलेंज सीबीएसई की एक प्रतिष्ठित पहल है, जिसका उद्देश्य देश भर के छात्रों में गणितीय कौशल और विश्लेषणात्मक सोच को बढ़ावा देना है। स्कूल प्रबंधन ने इन उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए, शिक्षकों और छात्रों को बधाई देते हुए, कहा कि यह सफलता युवाओं की प्रतिभा को निखारने के प्रति स्कूल के समर्पण का प्रमाण है।


