डॉक्टर ब्लैकमेलिंग केस में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार
श्रीराम हॉस्पिटल सील, आरोपियों से पूछताछ जारी, नेटवर्क के बड़े खुलासों की संभावना

देवास। देवास में डॉक्टर से जुड़े चर्चित ब्लैकमेलिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में विनय अरोड़ा और सिमरन उर्फ रजनी भाटिया निवासी पटियाला शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और इस दौरान मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस अब इस पूरे ब्लैकमेलिंग नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है, ताकि पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 13 तारीख तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। वहीं पहले से गिरफ्तार आरोपी राजेश पुलिस रिमांड पर है और उससे भी पूछताछ जारी है। जबकि राम व शरीफा शेख को जेल भेज दिया गया है।
इधर, मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने डॉ. चारु तिवारी के श्रीराम हॉस्पिटल को सील कर दिया है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई के बाद अब इस पूरे प्रकरण में और भी बड़े खुलासे सामने आने की संभावना है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


