सीईओ जिला पंचायत श्रीमती शीतला पटले को जनसुनवाई में आवेदकों ने बताई अपनी समस्याएं

देवास 04 फरवरी 2020/ जिला मुख्यालय पर मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर डॉ. श्रीकान्त पाण्डेय के मार्गदर्शन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शीतला पटले ने जनसुनवाई की। जनसुनवाई में कई आवेदकों ने अपने आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई में आवेदकों ने अपने आवेदन सीईओ जिला पंचायत के समक्ष प्रस्तुत किए। सीईओ जिला पंचायत श्रीमती पटले ने आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर नरेंद्र धुर्वे, डिप्टी कलेक्टर शिवानी तरेटिया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
पक्की सड़क का निर्माण करवाया जाए
जनसुनवाई में आवे‍दिका रेखा परमार, कमला परमार सहित अन्य रहवासी निवासी प्रेमनगर पार्ट- 1 एवं पार्ट-2 तथा राधानगर पार्ट-1 एवं पार्ट-2 के निवासियों ने बताया कि उनके क्षेत्र के मार्ग की सड़क पक्की नहीं होने के कारण उन्हें आवागमन में काफी परेशानियों आती है। मार्ग के जगह-जगह गड्ढे होने से आये दिन दुर्घटनाए होती है। सड़क को पक्की बनवाया जाए। आवेदन पर सीईओ जिला पंचायत शीतला पटले ने नगर निगम को निराकरण के निर्देश दिए।
किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलवाया जाए
जनसुनवाई में देवकरण सिंह सेंधव, मनोहर सिंह सेंधव, देवेंद्र सिंह, मिसरबाई पतिा परबत सिंह, केशर बाई पति सूरज सिंह निवासी ग्राम आगरोद ने बताया कि उन्होंने शासन की किसान सम्मान निधि योजना के लिए कई बार आवेदन दिया लेकिन उन्हें अभी तक योजना का लाभ नहीं मिला। उन्हें योजना का लाभ दिलवाया जाए। आवेदन पर सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित विभाग को जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।
प्रसूति योजना के तहत राशि दिलवाई जाए
जनसुनवाई में बद्रीलाल पिता नगजीराम निवासी भौंरासा ने बताया कि उसकी पत्नी संगीता की डिलेवरी 16 जनवरी 2018 को स्वास्थ्य केंद्र टोंकखुर्द में हुई थी। लेकिन उसे शासन की प्रसूति योजना के तहत राशि प्राप्त नहीं हुई। उसे योजना के तहत राशि दिलवाई जाए। आवेदन पर सीईओ जिला पंचायत ने सीएमएचओ को जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में अतिक्रमण हटवाने, इलाज के लिए सहायता दिलवाने, मीटर बदलवाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, रास्ते पर से अतिक्रमण हटाने, बिजली के बिल कम कराने प्रसूति सहायता राशि के संबंध में सहित अन्य आवेदन पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शीतला पटले ने सुनवाई की तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों को जांच कर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

Post Author: Vijendra Upadhyay

Leave a Reply