विज्ञान भारती का स्थापना दिवस सम्पन्न

देवास। स्वदेशी एवं प्राचीन भारतीय विज्ञान की गौरवशाली परम्परा को जन-जन तक प्रसारित करने वाली संस्था विज्ञान भारती का स्थापना दिवस एवं समर्पण दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम में अतिथि के रूप में विज्ञान भारती मालवा प्रांत के प्रांतीय संगठन मंत्री प्रजातंत्र गंगेले, डॉ. राकेश सक्सेना निदेशक एस.जी.एस.आई.टी.एस. इन्दौर, डॉ. राजीव दीक्षित प्राध्यापक, होल्कर महाविद्यालय, इन्दौर के विशेष आतिथ्य एवं विजय श्रीवास्तव, पूर्व प्राचार्य उत्कृष्ट विद्यालय देवास की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। मुख्य वक्ता प्रजातंत्र गंगेले ने विज्ञान भारती द्वारा किये जा रहे कार्यों एवं इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विज्ञान भारती द्वारा भौतिक एवं आध्यात्मिक विज्ञान का संश्लेषण करते हुए भारतीय विरासत को सुरक्षित रखने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के इस वर्तमान युग में राष्ट्रीय निर्माण के लिए स्वदेशी आंदोलन से नयी चेतना का संचार किया जा रहा है। आयुर्वेद, ध्यान, जैविक कृषि, वास्तु विद्या, वानिकी, खगोल विद्या, पर्यावरण आदि तथा इसी तरह के अन्य स्वदेशी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को सक्रिय किया जा रहा है।
डॉ. राकेश सक्सेना ने बताया कि प्राचीन भारत के वैज्ञानिकों द्वारा आधुनिक ज्ञान-विज्ञान में किए गये अनन्य योगदानों के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने का कार्य भी विज्ञान भारती द्वारा किया जा रहा है। साथ ही युवा वैज्ञानिकों को अधिक सृजनशीलता और मौलिकता की ओर ले जाने का कार्य विज्ञान भारती द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुधीर सोमानी, मुकेश निगम, अजय सोलंकी, सतीश तिवारी, राकेश तिवारी, सुनिता खाबिया, दीपक शुक्ला उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुरेन्द्र राठौर ने किया एवं आभार रजनीश पोरवाल ने माना।

Post Author: Vijendra Upadhyay