सेन थॉम एकेडमी ने सीबीएसई के नए पाठ्यक्रम बदलावों पर अभिभावकों को किया जागरूक
देवास। सेन थॉम एकेडमी, भोपाल रोड में कक्षा 6 से 9 तक के अभिभावकों को सीबीएसई द्वारा किए गए नवीनतम पाठ्यक्रम परिवर्तनों से अवगत कराने हेतु एक ब्रीफिंग सत्र का आयोजन किया गया। यह सत्र दो चरणों में आयोजित किया गया। विद्यालय के शैक्षणिक समन्वयक जॉनसन थॉमस ने अभिभावकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 तथा NCFSE 2023 के अनुरूप किए गए परिवर्तनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संशोधित पाठ्यक्रम समग्र एवं दक्षता-आधारित शिक्षा पर केंद्रित है। मुख्य परिवर्तनों में कक्षा 6 से 8 के लिए व्यावसायिक शिक्षा (कौशल बोध) तथा कक्षा 9 और 10 के लिए कौशल विकास का समावेश शामिल है, जो कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा के लिए अनिवार्य होगा। कम्प्यूटेशनल थिंकिंग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (सीटी / एआई) को भी मिडिल स्कूल स्तर पर शामिल किया गया है और यह कक्षा 6 से 9 तक अनिवार्य रहेगा तथा 2028-29 सत्र से कक्षा 10 में भी अनिवार्य होगा। विद्यालय ने तृतीय भाषा के चरणबद्ध क्रियान्वयन के बारे में भी जानकारी दी, जिसमें संस्कृत को कक्षा 8 के बाद भी जारी रखा जाएगा। वर्तमान सत्र में कक्षा 6 के छात्र 2030-31 सत्र में कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा में इस विषय में शामिल होंगे। कक्षा 9 के लिए सीबीएसई ने उन्नत स्तर की विज्ञान और गणित विषयों की शुरुआत की है, जो वैकल्पिक हैं। इसके लिए छात्रों को अतिरिक्त एक घंटे की परीक्षा देनी होगी, जो अगले सत्र से कक्षा 10 बोर्ड परीक्षा का हिस्सा होगी। अंतर्विषयक दृष्टिकोण के तहत कक्षा 9 मेंइसीसत्र से इंडिविजुअल्स इन सोसाइटी तथा कक्षा 10 में (2027-28 सत्र से) पर्यावरण शिक्षा को शामिल किया जा रहा है। कौशल विषय पूर्ववत जारी रहेंगे। विद्यालय ने इन परिवर्तनों के प्रभावी क्रियान्वयन में शिक्षकों और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। इन सुधारों का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किकता, सृजनात्मकता और समग्र विकास को बढ़ावा देना तथा उन्हें वास्तविक जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। सत्र का समापन प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ, जिसमें अभिभावकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पुनीत उपाध्याय एवं अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।


