भोपाल। पूरे देश में लॉकडाउन की स्थिति है। ऐसे में सबसे बड़ी आवश्यकता देश और प्रदेश के गरीबों, दिहाड़ी मजदूरों, निर्माण कर्मियों आदि को भोजन उपलब्ध कराने की है। पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से हुई चर्चा के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं को इस आशय के निर्देश जारी किए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व से मिले दिशा-निर्देश के आधार पर पार्टी मध्यप्रदेश में भी सामुदायिक रसोईघरों का नेटवर्क बनाने जा रही है, जो रोजाना 1000 लोगों को भोजन कराने की क्षमता रखते हों। श्री शर्मा ने बताया कि जनसेवा के इस अभियान में जल्द ही पूरे देश में पार्टी के एक करोड़ कार्यकर्ता जुट जाएंगे और प्रत्येक कार्यकर्ता के लिये कम से कम पांच लोगों को भोजन कराने का लक्ष्य तय किया गया है। श्री शर्मा ने बताया कि इस अभियान के तहत तय किए लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए तीन तरीके निश्चित किए गए हैं। पहला तरीका यह है कि पार्टी के मंडल और शक्ति केंद्र जरूरतमंद लोगों की पहचान करेंगे और अभियान से जुड़े पार्टी कार्यकर्ता कम से कम पांच-पांच लोगों के लिये भोजन तैयार कर उन तक पहुंचाएंगे। दूसरा तरीका यह है कि सामुदायिक रसोईघर स्थापित किए जाएंगे और पुलिस तथा प्रशासन से समन्वय करके इन रसोईघरों के माध्यम से जरूरतमंदों को भोजन कराया जाएगा। तीसरा तरीका यह है कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को स्थानीय खाद्य आवश्यकताओं के अनुसार कच्ची खाद्य सामग्री या राशन उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिये हैं कि जनसेवा के इस अभियान के दौरान वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखें। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के साथ समझौता न करें। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा है कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों के सांसद एवं विधायकों के साथ समन्वय बनाकर इस अभियान को आगे बढ़ाएंगे।