लॉकडाउन में “चलो कुछ अच्छा करते हैं” का ध्येय लेकर राजेंद्र परमार बना रहे हैं मास्क
देवास 20 अप्रैल 2020/ वर्तमान में कोरोना वायरस के संक्रमण से पूरी दुनिया संक्रमित हो रही है। इस संक्रमण से वर्तमान में लाखों लोग संक्रमित हुए हैं, वहीं दुनिया में हजारों लोगों की जान चली गई। कोविड 19 की लडाई में पूरा देश एकजुट है। कोरोना वायरस को हराने के प्रशासन द्वारा लॉकडाउन लगाया गया है तथा आमजनों से आग्रह किया है कि वे जरूरी हो तो घर से निकले तथा मास्क पहनकर ही निकले। इस लॉकडाउन में जिला प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जिलेवासी भी संकट की घड़ी में सहयोग प्रदान कर समाज सेवा प्रेरणादायी उदाहरण पेश कर रहे हैं। इस लॉकडाउन में शहर के नॉवेल्टी चौराहे निवासी राजेंद्र परमार अपने खर्चे से मास्क बनाकर वितरित कर रहे हैं। उनका यह कार्य इस संकट की घड़ी में प्रेरणादायी बन रहा है।
प्रेरणा पुरूष राजेंद्र परमार ने अपने खर्चे से कपड़ा खरीदा तथा घर पर ही मास्क बनाकर जरूरतमंदों को नि:शुल्क दे रहे हैं। खास बात यह है कि कॉटन मास्क रियुजेबल हैं। राजेंद्र परमार ने बताया कि संकट की इस घड़ी में बाजार से कपड़ा खरीदा तथा मास्क बनाने का कार्य प्रारंभ किया। वे बताते हैं कि एक दिन में करीब 100 से 150 मास्क बनाकर तैयार करते हैं तथा बाजार में जो कोई भी व्यक्ति बिना मास्क लगाए आते हैं उन्हें वे नि:शुल्क देते हैं। इस कार्य में उनके परिजन भी उनकी मदद करते हैं। उन्होंने बताया कि वे यह कार्य सतत जारी रखेंगे।