ऑनलाइन बिजनेस के नाम पर 9 लाख की ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन बिजनेस के नाम पर 9 लाख की ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

अहमदाबाद से बैंक खाताधारक और खाते खरीदने वाले आरोपी पकड़े, 3.70 लाख रुपए नकद बरामद; प्रकरण में अब तक 8 गिरफ्तार

देवास। ऑनलाइन बिजनेस में टारगेट पूरा करने का लालच देकर चापड़ा निवासी शुभम से 9 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी के मामले में पुलिस ने अहमदाबाद, गुजरात से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में बैंक खाताधारक एवं खाते खरीदने वाले शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से ठगी की राशि में से 3.70 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। प्रकरण में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कमलापुर में अपराध क्रमांक 189/2025, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। पूर्व में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। फरार आरोपियों की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सौम्या जैन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी बागली संजय सिंह बैस के निर्देशन में थाना प्रभारी कमलापुर उप निरीक्षक सर्जनसिंह मीणा के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर गुजरात में आरोपियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर अहमदाबाद पहुंचकर 3 अक्टूबर को अमित यादव (22), निखिल भदोरिया (22) और निशंक सिंह राठौड़ (22), सभी निवासी कुबेर नगर, अहमदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बैंक खाते खुलवाकर महिपालसिंह नामक व्यक्ति को बेचने की बात बताई। महिपालसिंह ने ट्रेडिंग के नाम पर बैंक खाते खरीदे थे। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।

तीनों आरोपियों को 4 अक्टूबर को न्यायालय बागली में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अन्य संलिप्त व्यक्तियों और आरोपियों की भूमिका के संबंध में पूछताछ कर रही है।

इनकी रही भूमिका: थाना प्रभारी सर्जनसिंह मीणा, सहायक उप निरीक्षक भीम सिंह गणावा, प्रधान आरक्षक राजेंद्र शर्मा, अर्जुनसिंह राव, सत्यप्रकाश मिश्रा, आरक्षक विवेक गांगे तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक सचिन चौहान एवं आरक्षक युवराज सिंह।

Post Author: Vijendra Upadhyay