देवास में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़ा संदिग्ध गिरफ्तार
गुजरात एटीएस की कार्रवाई, वारसी नगर से हिरासत में लिया; देवास पुलिस ने सहयोग किया
देवास। गुजरात एटीएस ने देवास में कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बिलाल दुरानी उर्फ मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ अबू दुजाना उर्फ अबू सुफियान उर्फ अबू जुंदाल उर्फ उमर बिन खत्ताब (18) निवासी वारसी नगर, देवास के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार आरोपी लंबे समय से देवास के वारसी नगर क्षेत्र में रह रहा था। गुजरात एटीएस द्वारा उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले जाने के बाद शहर में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठन के नेटवर्क के लिए लंबे समय से सक्रिय था। हालांकि वह किस उद्देश्य से देवास में रह रहा था, इसका खुलासा पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। सूत्रों के मुताबिक गुजरात एटीएस को आरोपी की लोकेशन मिलने के बाद टीम देवास पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई को अंजाम दिया गया। एसपी पुनीत गेहलोत ने बताया कि गुजरात पुलिस देवास आई थी। उन्हें एक संदिग्ध व्यक्ति की लोकेशन मिली थी, जिसके संबंध में उन्होंने देवास पुलिस से सहयोग मांगा। इसके बाद देवास पुलिस की टीम गुजरात पुलिस के साथ भेजी गई। गुजरात पुलिस एक आरोपी को अपने साथ लेकर गई है। आरोपी को पकड़ने की कार्रवाई में देवास पुलिस ने पूरा सहयोग किया है। फिलहाल गुजरात एटीएस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही उसके नेटवर्क, गतिविधियों और देवास में रहने के उद्देश्य सहित अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।



