स्कूल वैन घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, सख्त कार्रवाई के निर्देश

स्कूल वैन घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, सख्त कार्रवाई के निर्देश

देवास। देवास में रेलवे अंडरब्रिज में वर्षा का पानी भरा होने के बावजूद बैरिकेड हटाकर स्कूल वैन निकालने के मामले का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वयं संज्ञान लिया है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस को लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।

मैजिक चालक गिरफ्तार, वाहन जब्त

25 अगस्त 2026 की सुबह सिटी कॉन्वेंट स्कूल, राजाराम नगर, सिविल लाइन देवास के विद्यार्थियों को स्कूल छोड़ने जा रहे मैजिक वाहन चालक ने सिविल लाइन क्षेत्र स्थित रेलवे अंडरब्रिज पर पुलिस द्वारा लगाए गए स्टॉपर हटाकर वाहन को जलभराव वाले मार्ग में प्रवेश करा दिया। पानी अधिक होने से वाहन बंद हो गया। इसके बाद चालक स्कूली बच्चों को वाहन में ही छोड़कर मौके से चला गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों, डायल-112 एवं थाना सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रस्सी की सहायता से मैजिक वाहन और उसमें सवार सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।

घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर चालक के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 465/2026 के तहत धारा 281, 285 बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया तथा वाहन जब्त कर लिया गया।

वहीं स्कूल संचालक के विरुद्ध भी अपराध क्रमांक 467/2026 में धारा 223 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।

स्कूल प्रबंधन को पहले भी दिए गए थे निर्देश

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) हरनारायण बाथम एवं आरटीओ बरखा शुक्ला द्वारा समय-समय पर स्कूल प्रबंधकों की बैठक लेकर स्कूल वाहनों की सुरक्षा एवं संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे हैं। स्कूल प्रबंधन को वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन, वाहनों की वैधता, फिटनेस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित स्कूल प्रबंधन द्वारा आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई।

जलभराव वाले मार्ग से वाहन नहीं निकालने की अपील

देवास पुलिस ने सभी स्कूल प्रबंधकों से बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है। स्कूल वाहनों के चालकों एवं कर्मचारियों का चरित्र सत्यापन, वाहनों की फिटनेस और आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी पुल, पुलिया, अंडरब्रिज या जलभराव वाले मार्ग पर पानी भरा होने की स्थिति में वाहन को वहां से न निकाला जाए। बच्चों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post Author: Vijendra Upadhyay